बिहार में सियासी सस्पेंस खत्म...CM सम्राट चौधरी को मिली JDU की लिस्ट, क्या निशांत की मंत्रिमंडल में होगी एंट्री?

Bihar Cabinet Expansion: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। पटना में होने वाले कैबिनेट विस्तार से पहले सत्ता पक्ष के भीतर बैठकों और चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 6 May 2026 2:54 PM IST (Updated on: 6 May 2026 2:55 PM IST)
Bihar Cabinet Expansion
X

Bihar Cabinet Expansion

Bihar Cabinet Expansion: बिहार की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। पटना में होने वाले कैबिनेट विस्तार से पहले सत्ता पक्ष के भीतर बैठकों और चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजधानी में जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिल रही है। सबसे पहले ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ लंबी बैठक की।

इसके बाद ये सभी नेता सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और सम्राट चौधरी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि जनता दल (यू) की ओर से संभावित मंत्रियों की सूची मुख्यमंत्री को सौंप दी गई है, जिसे अब राजभवन भेजा जाएगा। वहां से राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद नए मंत्रियों के नामों की घोषणा होगी। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या इस सूची में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम शामिल है या नहीं।

बीजेपी खेमे में भी हलचल तेज

उधर, बीजेपी के खेमे में भी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े पटना पहुंच चुके हैं। उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने एयरपोर्ट पर किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री दिलीप जायसवाल और जीवेश मिश्रा भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में भाजपा और जेडीयू के विधायक पटना पहुंच चुके हैं और सभी की नजर इस बात पर है कि किसे मंत्री बनने का मौका मिलेगा। मंत्री पद के दावेदारों को अब पार्टी नेतृत्व के फोन का इंतजार है।

गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां

गौरतलब है कि बिहार में गुरुवार को मंत्रिमंडल विस्तार प्रस्तावित है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई केंद्रीय नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। एनडीए के प्रमुख नेता जैसे नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी भी इसमें शामिल होंगे।

पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां की गई हैं। हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है और पूरे शहर में स्वागत पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें “विकसित भारत, विकसित बिहार” का नारा प्रमुखता से दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने मंत्रियों की सूची को अंतिम मंजूरी दे दी है। ऐसे में अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए मंत्रिमंडल में किन चेहरों को जगह मिलती है और यह विस्तार बिहार की राजनीति में क्या नया संदेश देता है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story