बिहार में सुबह-सुबह तड़तड़ाईं गोलियां! BJP नेता के भांजे की हत्या का आरोपी सोनू यादव ढेर

Bihar Encounter: सीवान जिले में रविवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 3 May 2026 7:52 AM IST
Bihar Encounter
X

Bihar Encounter

Bihar Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सीवान जिले में रविवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया। सोनू यादव पर पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या का गंभीर आरोप था। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने रविवार सुबह इलाके को घेर लिया। जब पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई।

सड़क पर हुआ था मामूली विवाद

यह पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब सड़क पर गाड़ी सटने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। यह विवाद अचानक हिंसक हो गया और हमलावरों ने पूर्व एमएलसी के बहनोई और उनके बेटे हर्ष सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी खुलेआम हथियार लहराते और गोलीबारी करते दिखाई दिए थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर त्वरित कार्रवाई का भारी दबाव बन गया था।

पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए एक के बाद एक कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि उसके सहयोगी छोटू यादव को कुछ दिन पहले पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। वहीं, घटना के समय कार चला रहे ड्राइवर सुनील यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके अलावा अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। सीवान नगर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर हत्या में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story