TRENDING TAGS :
'बेटी तो गई, अब बेटा मरेगा...', नीट छात्रा केस में परिवार को मिली खौफनाक धमकी, शक के घेरे में कौन?
NEET Student Death Case Update: छात्रा के परिजनों को दोबारा धमकी भरा पर्चा मिला है, जिसमें इस बार उनके बेटे को जान से मारने की चेतावनी दी गई है।
NEET Student Death Case Update
NEET Student Death Case Update: जहानाबाद की उस छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है, जिसकी मौत पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई थी। अब इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। छात्रा के परिजनों को दोबारा धमकी भरा पर्चा मिला है, जिसमें इस बार उनके बेटे को जान से मारने की चेतावनी दी गई है। लगातार मिल रही धमकियों से परिवार दहशत में है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी होने की बात कह रही है।
घर के बाहर से एक पर्चा अंदर फेंका गया
जानकारी के अनुसार 17 फरवरी, मंगलवार को छात्रा के पैतृक घर की खिड़की के बाहर से एक पर्चा अंदर फेंका गया। पर्चे में धमकी भरे शब्दों में लिखा था “न माना तो बेटी गई, बेटा भी दो दिन में मरेगा।” इससे पहले भी तीन दिन पूर्व इसी तरह का एक धमकी भरा पत्र मिला था। परिजनों का कहना है कि दोनों पर्चों की लिखावट एक जैसी प्रतीत होती है। उनका अंदेशा है कि यह किसी स्थानीय व्यक्ति का काम हो सकता है और संभव है कि इसके पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों का हाथ हो। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
छात्रा के पिता ने बताया कि पहले मिले पर्चे की लिखित सूचना थाने को दी गई थी और उसकी रिसीविंग भी ली गई थी। सुरक्षा के नाम पर घर पर एक चौकीदार और दो कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद दोबारा धमकी मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि दिन में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह का पर्चा घर के अंदर पहुंच जाना चिंताजनक है।
छात्रा के पिता ने प्रशासन पर लगाया निष्क्रियता का आरोप
परिवार के अनुसार पर्चा घर के किचन की खिड़की के पास मिला। जब परिजनों ने उसे देखा तो तुरंत इसकी जानकारी दी गई। छात्रा के पिता ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार सुरक्षा का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग हैं। उनका कहना है कि आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उन्हें केवल भगवान पर ही भरोसा है।
उधर, शकूराबाद थाने की ओर से बताया गया है कि उन्हें इस नई घटना की आधिकारिक सूचना अभी तक नहीं मिली है। सूचना मिलते ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि छात्रा की संदिग्ध मौत की जांच अब सीबीआई कर रही है। हाल ही में सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाया है। दोबारा मिली धमकी ने इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है।


