TRENDING TAGS :
नमक की जगह खाने में बच्चों को दे दिया सर्फ! बिहार के स्कूल में बड़ा कांड, 40 छात्राएं पहुंचीं अस्पताल
Bihar Mid Day Meal Incident: बिहार के नालंदा के पारसी मिडिल स्कूल में मिड-डे मील के दौरान कथित तौर पर नमक की जगह सर्फ परोसने का मामला सामने आया है। खाना खाने के बाद करीब 40 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Bihar Mid Day Meal Incident: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. नूरसराय थाना क्षेत्र के पारसी मिडिल स्कूल में मिड डे मील का खाना खाते ही करीब 40 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों के बीच रोना-धोना मच गया. आनन-फानन में सभी बीमार बच्चियों को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
नमक की जगह परोस दिया सर्फ
स्कूल के शिक्षक से मिली जानकारी के मुताबिक, मिड डे मील का खाना किसी दूसरे स्कूल से बनकर आया था. भोजन करते समय सोयाबीन की सब्जी में नमक काफी कम था. जब छात्राओं ने खाना बनाते व परोसते समय नमक की मांग की, तो संबंधित शिक्षक ने गंभीर लापरवाही बरतते हुए गलती से नमक के डिब्बे की जगह सर्फ परोस दिया. सर्फ मिली सब्जी खाते ही बच्चियों को पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी.
अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना की खबर फैलते ही मॉडल अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई अपनी बच्ची की सलामती को लेकर परेशान दिखा, जिससे अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. डॉक्टरों की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और सभी प्रभावित छात्राओं का आपातकालीन इलाज शुरू किया.
मंत्री श्रवण कुमार पहुंचे अस्पताल
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार खुद बीमार बच्चों का हालचाल जानने बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए. मंत्री ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि मासूम बच्चों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
सभी बच्चे सुरक्षित, डॉक्टरों की टीम तैनात
नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह अपनी पूरी मेडिकल टीम के साथ अस्पताल में मौजूद हैं. सिविल सर्जन ने मीडिया को आश्वस्त करते हुए बताया कि सभी बच्चियों का इलाज बेहतर तरीके से चल रहा है और अब अधिकांश बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष निगरानी रखी जा रही है.


