बिहार में PAK कनेक्शन के शक के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी! NIA-IB और ATS की टीमें पहुंचीं, एक गिरफ्तार

Bihar Pakistan Link Raid: बिहार के पूर्णिया में एनआईए, आईबी, एटीएस और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बीसीए छात्र शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया ग्रुप में पाकिस्तानी नंबर मिलने और नफरती चैटिंग के आरोपों के बाद एजेंसियां उसके कथित नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

Aditya Kumar Verma
Published on: 12 Nov 2026 8:43 AM IST
Bihar Pakistan Link Raid
X

Image Source- Social Media                 

Bihar Pakistan Link Raid: बिहार के पूर्णिया जिले में बुधवार को कई जांच एजेंसियों की एक साथ छापेमारी से हड़कंप मच गया। यहां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और पूर्णिया पुलिस की टीम ने मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोले में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान पाकिस्तानी कनेक्शन और नफरती बातचीत (Hate Chatting) के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान शाहिद अख्तर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर ऐसी बातचीत कर रहा था, जिससे आपसी सौहार्द बिगड़ सकता था। जांच के दौरान एक पाकिस्तानी नंबर भी ग्रुप में मिला है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया ग्रुप में मिला पाकिस्तानी नंबर

पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त छापेमारी और युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर सौहार्द बिगाड़ने वाली चैटिंग कर रहा था। जांच के दौरान ग्रुप में एक पाकिस्तानी नंबर भी मिला है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ग्रुप में कौन-कौन लोग जुड़े थे और उनकी बातचीत का मकसद क्या था।

दो साल से कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होने का दावा

गिरफ्तार शाहिद अख्तर बीसीए का छात्र बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह पिछले दो सालों से इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। इस दौरान उसने अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कई चैटिंग ग्रुप बना रखे थे। बताया जा रहा है कि इन ग्रुपों में पाकिस्तान और अफ्रीकी देशों के लोग भी जुड़े हुए थे।

हालांकि, अफ्रीकी देशों के नागरिकों से उसके जुड़ाव को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इन लोगों के साथ उसका किस तरह का संपर्क था और ग्रुप में किस तरह की बातचीत होती थी।

आईबी के इनपुट पर शुरू हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि इन ऑनलाइन ग्रुपों में इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। इसकी भनक इंटेलिजेंस ब्यूरो को लगी थी। इसके बाद आईबी से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। टीम शाहिद अख्तर को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए गुप्त स्थान पर ले गई, जहां उससे लगातार सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।

हैदराबाद और बंगाल तक फैले नेटवर्क की भी जांच

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शाहिद अख्तर साल 2025 से ही इस्लामिक कट्टरपंथी संगठनों के संपर्क में था। यह भी कहा जा रहा है कि उसके नेटवर्क में हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के दूसरे हिस्सों के लोग जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि वह खास तौर पर व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए नफरती बातचीत और कथित साजिश को आगे बढ़ा रहा था।

हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच एजेंसियां उसके ऑनलाइन संपर्कों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।

डिजिटल सबूतों के आधार पर हो रही पूछताछ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच एजेंसियों को शाहिद अख्तर के खिलाफ खुफिया इनपुट और डिजिटल सबूत मिले थे। इसके बाद से वह आईबी की निगरानी में था। केंद्रीय एजेंसियों ने उससे लंबी पूछताछ की है। अब जांच का फोकस उसके सोशल मीडिया ग्रुप, पाकिस्तानी नंबर और देश-विदेश में जुड़े लोगों की पहचान पर है।

फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शाहिद अख्तर के नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे, उनका आपस में किस तरह का संपर्क था और ऑनलाइन ग्रुपों में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story