TRENDING TAGS :
जिस बिसलेरी पर करते हैं भरोसा, उसी के पानी में मिला खतरनाक केमिकल! आमने-सामने कंपनी और FSSAI
Bisleri Water Controversy: बिसलेरी के गोवा प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में ब्रोमेट और पीएएच मिलने का मामला सामने आया है। एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी दी, जबकि बिसलेरी ने पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताया है।
Image Source- Social Media
Bisleri Water Controversy: बोतलबंद पानी के बड़े ब्रांड बिसलेरी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद बिसलेरी ने अपनी सफाई पेश की है। कंपनी का कहना है कि गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट (Manufacturing Plant) से लिए गए पानी के सैंपल तय मानकों के अनुरूप हैं और उसका पानी पूरी तरह पीने योग्य है।
बिसलेरी ने यह भी दावा किया है कि उसे इस कार्रवाई से जुड़ा कोई नोटिस न तो हार्ड कॉपी में मिला है और न ही ईमेल के जरिए इसकी जानकारी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, एफएसएसएआई की वेबसाइट पर भी इस संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। बिसलेरी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और जांच के दौरान उसने संबंधित एजेंसी को पूरा सहयोग दिया था। हालांकि, एफएसएसएआई का पक्ष इससे अलग है। प्राधिकरण के मुताबिक, जांच में पानी के सैंपल में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी के आधार पर उसे असुरक्षित घोषित किया गया है।
बिसलेरी ने अपनी सफाई में क्या कहा?
बिसलेरी ने बयान जारी कर कहा कि उसे उन मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी है, जिनमें एफएसएसएआई की ओर से नोटिस और मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने की बात कही गई है। कंपनी के मुताबिक, पूरा मामला सितंबर 2025 का है। उस समय एफएसएसएआई ने गोवा स्थित बिसलेरी प्लांट से उत्पादों के छह सैंपल (Water Samples) लिए थे।
कंपनी ने बताया कि गोवा का यह प्लांट उसके देशभर में मौजूद 143 प्लांट्स में से एक है। एफएसएसएआई ने यहां से छह सैंपल इकट्ठा किए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों के करीब पाए गए। हालांकि, छठे सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
यानी शुरुआती जांच में छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर तय मानक से अधिक पाया गया था। इसके बाद बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को अपील की। कंपनी के मुताबिक, इस अपील के बाद एफएसएसएआई ने छठे सैंपल को दोबारा जांच के लिए एक रेफरल लैब (Referral Laboratory) में भेजा।
दोबारा जांच में क्या मिला?
बिसलेरी ने बताया कि रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानक के अंदर पाई गई। हालांकि, इसी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (Polynuclear Aromatic Hydrocarbons) की मौजूदगी के संकेत मिले।
कंपनी का कहना है कि दोनों जांचों के नतीजों में अंतर सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हुए। इसके बाद एफएसएसएआई ने उसी सैंपल की जांच एक अन्य मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला (Accredited Laboratory) से कराई। बिसलेरी के मुताबिक, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई।
कंपनी ने बताया कि इसके बाद उसने संबंधित जांच रिपोर्ट एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय (Western Regional Office) में जमा कर दी थी। बिसलेरी का दावा है कि इसके बाद उसे संस्था की ओर से कोई दूसरी जानकारी नहीं दी गई। कंपनी ने मान लिया था कि मामला बंद हो चुका है।
कंपनी बोली- पीने का पानी हमारी प्राथमिकता
बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि आज की तारीख तक उसे इस मामले में कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी के मुताबिक, न तो उसे नोटिस की हार्ड कॉपी दी गई और न ही ईमेल के जरिए कोई सूचना मिली। कंपनी ने यह भी दावा किया कि उसकी वेबसाइट पर भी इस कार्रवाई से जुड़ी कोई जानकारी नहीं है।
बिसलेरी ने कहा कि पीने का पानी (Drinking Water) उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया (Manufacturing Process) के 10 चरणों में कुल 90 तरह के टेस्ट किए जाते हैं। कंपनी ने दावा किया कि वह गुणवत्ता और सुरक्षा के तय मानकों का पालन करती है और इस पूरे मामले में एफएसएसएआई की जांच में सहयोग भी किया है।
बिसलेरी ने अपने बयान में खुद को वर्षों से भरोसेमंद ब्रांड बताते हुए कहा कि उसका पानी पूरी तरह सुरक्षित है।
FSSAI ने पानी को असुरक्षित क्यों बताया?
दूसरी तरफ, एफएसएसएआई का कहना है कि जांच में बिसलेरी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई थी। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (Food Safety and Standards Act, 2006) के तहत पानी को असुरक्षित घोषित किया गया।
प्राधिकरण के मुताबिक, कंपनी की अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए दूसरी प्रयोगशाला में भेजा गया था। इस प्रयोगशाला ने भी नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी पीएएच (PAH) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया।
एफएसएसएआई का कहना है कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसी आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (Bisleri International Private Limited) के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।
देशभर में होगी पैक्ड पानी की जांच
बिसलेरी से जुड़े इस विवाद के बीच अब देशभर में पैक किए जाने वाले पानी की जांच (Packaged Water Testing) किए जाने की बात सामने आई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले के बाद आने वाले दिनों में अन्य ब्रांडों के बोतलबंद पानी के सैंपल की भी जांच की जाएगी।
इसका मतलब है कि जांच का दायरा सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं रह सकता। अन्य कंपनियों के पैक्ड वाटर की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में आ सकती है।
कंपनी और FSSAI के दावों में अंतर
इस पूरे मामले में बिसलेरी और एफएसएसएआई के दावों में अंतर साफ दिखाई दे रहा है। कंपनी का कहना है कि दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी और उसने जांच रिपोर्ट भी संबंधित कार्यालय में जमा कर दी थी। वहीं, एफएसएसएआई का कहना है कि सैंपल में ब्रोमेट और पीएएच से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं, जिसके आधार पर पानी को असुरक्षित घोषित किया गया।
फिलहाल, बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर यह मामला चर्चा में है। एक तरफ कंपनी अपने उत्पाद को पूरी तरह सुरक्षित बता रही है, तो दूसरी तरफ खाद्य सुरक्षा नियामक ने जांच के आधार पर मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। ऐसे में अब इस विवाद पर आगे की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर नजर रहेगी।


