TRENDING TAGS :
बड़े भाई की भूमिका में होगा अकाली दल! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान, क्या है 50-67 सीटों का फॉर्मूला?
Akali Dal CM Face: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और अकाली दल ने छह साल बाद फिर गठबंधन किया। अमित शाह ने सीएम चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया। जानिए 50-67 सीटों के संभावित फॉर्मूले और गठबंधन टूटने की पूरी कहानी।
Image Source- Social Media
Akali Dal CM Face: पंजाब की राजनीति में बड़ा सियासी उलटफेर हुआ है। आगामी विधानसभा चुनाव (Assembly Elections 2027) से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान कर दिया है। करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी फिर से गठबंधन में लौट आए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) कर इसकी घोषणा की। हालांकि, अभी सीट बंटवारे (Seat Sharing Formula) पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर है कि बीजेपी 50 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि 67 सीटें अकाली दल के खाते में जा सकती हैं। इस बीच अमित शाह ने मुख्यमंत्री (Chief Minister) के चेहरे को लेकर भी बड़ा बयान दिया है।
किस पार्टी से बनेगा मुख्यमंत्री?
गठबंधन के ऐलान के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि अगर दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो मुख्यमंत्री का चेहरा किस पार्टी से होगा। इस पर अमित शाह ने साफ संकेत दिया कि पंजाब में अकाली दल ही बड़े भाई की भूमिका में रहेगी।
जब उनसे पूछा गया कि मुख्यमंत्री का चेहरा किस पार्टी से होगा तो उन्होंने कहा, "जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। जो भी बड़ा भाई है, वही मुख्यमंत्री बनेगा।"
अमित शाह के इस बयान से साफ है कि गठबंधन में अकाली दल को बड़ी भूमिका दी जाएगी और मुख्यमंत्री पद पर भी उसी का दावा रहेगा। हालांकि, अभी किसी नेता के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।
ये होगा सबसे बड़ा मुद्दा
अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सबसे बड़ी खूबी यह है कि जहां भी एनडीए की सरकार रही है, वहां कानून-व्यवस्था (Law and Order) हमेशा दुरुस्त रही है। उन्होंने बताया कि दोनों दलों ने पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की है और इन पर उनकी सहमति बनी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा-मुक्त बनाना (Drug-Free Punjab), सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा के लिए कानून-व्यवस्था ठीक करना और गैंगस्टरों (Gangsters) का सफाया करना दोनों दलों की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शाह के मुताबिक, ये मुद्दे दोनों पार्टियों के घोषणापत्र (Manifesto) में भी सबसे प्रमुख रहेंगे।
किसानों और युवाओं के मुद्दों पर तैयार हुआ रोडमैप
अमित शाह ने बताया कि पिछले तीन महीनों में नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई है। इसमें पंजाब के किसानों की चुनौतियां (Farmers Issues), राज्य के आर्थिक विकास (Economic Development) से जुड़ी चिंताएं और युवाओं के सामने रोजगार (Employment) की समस्या शामिल रही।
शाह के मुताबिक, इन चर्चाओं के आधार पर एक रोडमैप (Roadmap) तैयार किया गया है। यह रोडमैप आने वाली एनडीए सरकार के लिए मार्गदर्शक रूपरेखा का काम करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों दल पंजाब से जुड़े इन मुद्दों पर एकमत हैं और इन्हें लेकर आगे काम करेंगे।
क्या है 50-67 सीटों का फॉर्मूला?
गठबंधन की घोषणा के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा सीटों के बंटवारे को लेकर हो रही है। फिलहाल बीजेपी और अकाली दल ने सीट शेयरिंग का आधिकारिक फॉर्मूला घोषित नहीं किया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि दोनों पार्टियां कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक नई व्यवस्था में बीजेपी को 50 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अकाली दल 67 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकता है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। अगर यह फॉर्मूला लागू होता है तो अकाली दल अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बीजेपी उसके मुकाबले कम सीटों पर मैदान में उतरेगी। फिलहाल इस फॉर्मूले पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।
2020 में क्यों टूटा था गठबंधन?
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन करीब दो दशक से भी ज्यादा पुराना रहा है। दोनों दलों ने 1990 के दशक के मध्य में साथ आकर पंजाब की राजनीति में मजबूत चुनावी साझेदारी बनाई थी। दोनों पार्टियों के बीच सीटों और क्षेत्रों को लेकर एक तरह का राजनीतिक तालमेल था।
अकाली दल मुख्य रूप से ग्रामीण और सिख बहुल इलाकों में अपनी पकड़ के आधार पर चुनाव लड़ता था, जबकि बीजेपी का आधार शहरी और हिंदू बहुल क्षेत्रों में मजबूत रहा। इसी समीकरण के सहारे दोनों दल लंबे समय तक पंजाब की राजनीति में साथ रहे।
लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों (Farm Laws) को लेकर दोनों पार्टियों के रास्ते अलग हो गए। पंजाब में इन कानूनों के खिलाफ किसानों का व्यापक विरोध हो रहा था। अकाली दल पर अपने पारंपरिक किसान समर्थक आधार की नाराजगी का दबाव बढ़ रहा था।
इसी दौरान हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया। इस तरह बीजेपी और अकाली दल की करीब 24 साल पुरानी राजनीतिक साझेदारी खत्म हो गई थी।
दोनों दलों का कैसा रहा चुनावी प्रदर्शन?
गठबंधन टूटने के बाद बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़े। इसका असर दोनों पार्टियों के चुनावी प्रदर्शन में भी दिखाई दिया। 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बीच दोनों दलों को झटका लगा।
2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां गठबंधन में थीं। उस चुनाव में अकाली दल ने 15 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी के खाते में 3 सीटें आई थीं। लेकिन गठबंधन टूटने के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल केवल 3 सीटों पर सिमट गई और बीजेपी को महज 2 सीटें मिलीं।
इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में भी दोनों पार्टियां अलग-अलग मैदान में उतरीं। बीजेपी ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे एक भी सीट नहीं मिली। वहीं, अकाली दल सिर्फ एक सीट जीतने में कामयाब रही।
वोट शेयर का आंकड़ा 32 प्रतिशत के करीब
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पंजाब में 18.56 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि अकाली दल का वोट शेयर 13.42 प्रतिशत रहा। अगर दोनों पार्टियों के वोट शेयर को जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा करीब 32 प्रतिशत पहुंचता है।
हालांकि, दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे थे, इसलिए उन्हें अपने वोट शेयर का सीटों के स्तर पर फायदा नहीं मिल सका। अब एक बार फिर साथ आने के बाद दोनों पार्टियां मिलकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
ऐसे में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इस गठबंधन को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें सीट बंटवारे के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं। साथ ही यह भी देखना होगा कि 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के बीच टूटी यह पुरानी साझेदारी 2027 के चुनाव में किस तरह का राजनीतिक समीकरण बनाती है।


