पंजाब में फिर साथ आए बीजेपी-अकाली दल, 6 साल बाद टूटा गठबंधन का वनवास!

BJP Akali Dal Alliance: पंजाब में छह साल बाद बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल फिर साथ आ गए हैं। अमित शाह और सुखबीर बादल ने गठबंधन का ऐलान किया। जानिए 2027 चुनाव में क्या होगा असर।

Aditya Kumar Verma
Published on: 24 Nov 2026 1:21 PM IST
BJP Akali Dal Alliance
X

BJP Akali Dal Alliance

BJP Akali Dal Alliance: पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन (Alliance) का ऐलान किया।

दोनों दल करीब छह साल से ज्यादा समय बाद फिर एक साथ आए हैं। साल 2020 में कृषि कानूनों (Farm Laws) को लेकर किसानों के आंदोलन के बीच अकाली दल ने बीजेपी से अपना रास्ता अलग कर लिया था। अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election 2027) से पहले दोनों पार्टियों ने फिर साथ आने का फैसला किया है। हालांकि, अभी सीटों के बंटवारे (Seat Sharing) को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

6 साल बाद फिर साथ आए दोनों दल

बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन की शुरुआत साल 1996 में हुई थी। इसके बाद 1997 में पंजाब में विधानसभा चुनाव हुए और दोनों दलों ने मिलकर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में कुल 117 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने 22 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे, जिनमें से 18 पर जीत हासिल की थी। वहीं, अकाली दल ने 92 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 75 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

इस जीत के साथ ही दोनों दलों ने पंजाब में सरकार बनाई थी। इसके बाद भी गठबंधन का प्रदर्शन अच्छा रहा। साल 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में भी बीजेपी और अकाली दल ने मिलकर जीत हासिल की और सत्ता में वापसी की।

हालांकि, साल 2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2020 में कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए। अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान कर दिया है।

कृषि कानूनों के विरोध में छोड़ा था एनडीए

साल 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में किसानों ने बड़ा आंदोलन किया था। इस आंदोलन के दौरान शिरोमणि अकाली दल ने बीजेपी से दूरी बना ली थी। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे, लेकिन अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन टूट चुका था।

अकाली दल ने तब बयान जारी कर एनडीए (NDA) से बाहर निकलने का ऐलान किया था। पार्टी ने कहा था कि उसकी कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग होने का फैसला किया है।

अकाली दल की ओर से इसकी वजह बताते हुए कहा गया था कि केंद्र सरकार किसानों की फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी देने से लगातार इनकार कर रही है। इसके अलावा पंजाबी और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों पर भी केंद्र सरकार के रवैये को लेकर पार्टी ने नाराजगी जताई थी। इसमें जम्मू-कश्मीर में पंजाबी भाषा को आधिकारिक भाषा से बाहर रखने का मुद्दा भी शामिल था।

हरसिमरत कौर ने भी बीजेपी पर साधा था निशाना

गठबंधन टूटने के दौरान अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल (Harsimrat Kaur Badal) ने भी केंद्र सरकार और एनडीए पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अगर तीन करोड़ पंजाबियों का दर्द और उनका विरोध प्रदर्शन भी भारत सरकार के अड़ियल रुख को नहीं बदल पा रहा है तो यह अब वह एनडीए नहीं रहा, जिसकी कल्पना अटल बिहारी वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल ने की थी।

उन्होंने कहा था कि जो गठबंधन अपने सबसे पुराने सहयोगी की बात नहीं सुनता और देश का पेट भरने वाले किसानों की गुहार को नजरअंदाज करता है, वह पंजाब के हित में नहीं हो सकता।

2022 के चुनाव में खराब रहा था प्रदर्शन

साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) में राज्य की राजनीति पूरी तरह बदल गई थी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की थी। वहीं, चुनाव से पहले आंतरिक कलह से जूझ रही कांग्रेस महज 18 सीटों पर सिमट गई थी।

कांग्रेस ने चुनाव से कुछ महीने पहले ही कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को जिम्मेदारी सौंपी थी। दूसरी तरफ बीजेपी को सिर्फ दो और अकाली दल को चार सीटों पर जीत मिली थी।

अकाली दल ने उस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ गठबंधन किया था, लेकिन यह गठबंधन भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सका।

2017 में भी सत्ता से बाहर हो गया था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल ने साल 2017 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। हालांकि, यह चुनाव पंजाब में उनके गठबंधन के लिए सत्ता में आखिरी साबित हुआ। लगातार दस साल तक सरकार चलाने के बाद गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा था।

उस चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं, आम आदमी पार्टी और लोक इंसाफ पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा था और 20 सीटें हासिल की थीं। दूसरी तरफ बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सिमटकर 18 सीटों पर आ गया था।

सुखबीर बादल ने पहले ही दे दिए थे संकेत

बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने की अटकलें नवंबर की शुरुआत से ही लगाई जा रही थीं। उस दौरान जब अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल से गठबंधन को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने न तो हामी भरी थी और न ही इनकार किया था। उन्होंने कहा था, 'मैं कोई पंडित तो हूं नहीं। कुछ ही दिनों में पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है।'

बादल ने आगे कहा था कि कांग्रेस और झाड़ू वाले यानी आम आदमी पार्टी पंजाब के दुश्मन हैं। इनके अलावा वे उन राजनीतिक दलों के साथ जुड़ने को तैयार हैं जो पंजाब के हित में काम कर रहे हैं और जिनकी विचारधारा अकाली दल की विचारधारा से मेल खाती है।

इससे पहले अमित शाह भी दिल्ली में कह चुके थे कि 2027 में पंजाब में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। अब दोनों दलों के गठबंधन के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

2027 चुनाव के लिए बीजेपी ने भी तेज की तैयारी

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी भी अपनी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के नेता लगातार चंडीगढ़ का दौरा कर रहे हैं। चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव भी होने हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हाल ही में चंडीगढ़ पहुंचे थे।

इसके अलावा, पार्टी ने एक दिन पहले ही पंजाब प्रदेश चुनाव समिति (State Election Committee) का गठन किया है। इस समिति में कई बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

समिति में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, राज्यसभा सदस्य तरुण चुग, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक और विजय सांपला को शामिल किया गया है।

इसके अलावा प्रदेश महासचिव मंथरी श्रीनिवासुलु, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर और रवनीत सिंह बिट्टू को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश सचिव मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, विधायक जंगी लाल महाजन और पूर्व विधायक दिनेश बब्बू भी इस समिति का हिस्सा हैं।

सीटों के बंटवारे पर अभी सस्पेंस

बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने का ऐलान तो हो गया है, लेकिन दोनों पार्टियां पंजाब में कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। 1997, 2007 और 2012 में साथ मिलकर सरकार बनाने वाले दोनों दल अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटेंगे।

फिलहाल गठबंधन की वापसी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि सीट बंटवारे का फॉर्मूला क्या होगा और दोनों पार्टियां चुनावी मैदान में किस रणनीति के साथ उतरेंगी।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story