TRENDING TAGS :
BJP में आज बदल जाएगा पूरा संगठन? ऐसी हो सकती है नितिन नवीन की नई टीम, बड़े नामों की चर्चा
BJP Organisation Reshuffle: बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी है। नितिन नवीन की नई टीम में 9 राष्ट्रीय महामंत्री, उपाध्यक्ष और 15 मंत्री बनाए जा सकते हैं। महिलाओं और युवाओं को मिल सकता है बड़ा मौका।
Image Source- Social Media
BJP Organisation Reshuffle: बीजेपी के संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को पार्टी संगठन में होने वाले बदलावों को लेकर घोषणा हो सकती है। जनवरी में नितिन नवीन (Nitin Nabin) बीजेपी के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष बने थे। उनके अध्यक्ष बनने के बाद से संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। अब माना जा रहा है कि नितिन नवीन अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक संगठन में एक कोषाध्यक्ष (Treasurer), राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (National Vice Presidents) और 9 राष्ट्रीय महामंत्री (National General Secretaries) की नियुक्ति हो सकती है। इसके अलावा 15 मंत्री भी बनाए जा सकते हैं। बीजेपी के संविधान में संशोधन करके संगठन के 33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि नई टीम में महिलाओं और युवाओं को पहले के मुकाबले ज्यादा अहमियत दी जा सकती है। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ग में कम से कम तीन पदाधिकारी अनुसूचित जाति (Scheduled Caste) और अनुसूचित जनजाति (Scheduled Tribe) से भी हो सकते हैं।
पार्ल्यामेंट्री बोर्ड का भी होगा गठन
बीजेपी की सबसे बड़ी निर्णायक संस्था पार्ल्यामेंट्री बोर्ड (Parliamentary Board) का भी गठन होना है। इस बोर्ड में अध्यक्ष के अलावा ज्यादा से ज्यादा 11 सदस्य हो सकते हैं। इसके साथ ही केंद्रीय चुनाव समिति (Central Election Committee) का भी गठन किया जाएगा।
फिलहाल केंद्रीय चुनाव समिति में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis), महिला मोर्चा की अध्यक्ष वी श्रीनिवासन (V Srinivasan) और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav) सदस्य हैं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी बदलाव
पार्टी की रणनीतियों पर विचार करने और बड़े फैसले लेने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी (National Executive) का भी गठन होना है। इसमें अध्यक्ष के अलावा 120 सदस्य हो सकते हैं। नियमों के मुताबिक इसमें 40 महिलाओं का होना जरूरी है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद (National Council) का भी गठन होगा। इसमें राज्य परिषदों के निर्वाचित सदस्य, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, राज्यों में विधान परिषदों और विधानसभा के नेताओं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और 20 मनोनीत सदस्य शामिल होंगे।
नई टीम पर कॉकरोच आंदोलन का असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि उन्होंने अपनी नई टीम तैयार कर ली है। जानकारों का मानना है कि नितिन नवीन की नई टीम में कॉकरोच आंदोलन (Cockroach Movement) का असर भी दिखाई दे सकता है। इसके तहत युवाओं को संगठन में ज्यादा अहमियत मिलने की बात कही जा रही है।
माना जा रहा है कि संगठन में बदलाव के बाद केंद्रीय कैबिनेट (Union Cabinet) में भी फेरबदल हो सकता है। यानी बीजेपी संगठन में होने वाला यह बदलाव आगे सरकार के स्तर पर भी बड़े बदलाव का रास्ता खोल सकता है।
कैसा है बीजेपी का मौजूदा संगठन?
मौजूदा संगठन की बात करें तो बीजेपी में चार सदस्यों वाला मार्गदर्शक मंडल (Margdarshak Mandal) है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), लालकृष्ण आडवाणी (Lal Krishna Advani), मुरलीमनोहर जोशी (Murli Manohar Joshi) और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) शामिल हैं।
इसके बाद 12 सदस्यीय पार्ल्यामेंट्री बोर्ड है। इसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। बोर्ड में नरेंद्र मोदी के अलावा नितिन नवीन, राजनाथ सिंह, अमित शाह (Amit Shah), जेपी नड्डा (J P Nadda), बीए येदियुरप्पा (B S Yediyurappa), सर्वानंद सोनोवाल (Sarbananda Sonowal), के लक्ष्मण (K Laxman), इकबाल सिंह लालपुरा (Iqbal Singh Lalpura), सुधा यादव (Sudha Yadav), सत्यनारायण जटिया (Satyanarayan Jatiya) और बीएल संतोष (B L Santosh) शामिल हैं।
बीजेपी की केंद्रीय समिति (Central Committee) के अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इसके अलावा इसमें देवेंद्र फडणवीस, भूपेंद्र यादव, वनाती श्रीनिवासन (Vanathi Srinivasan), बीजेपी के 11 उपाध्यक्ष, वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) और बैजयंत पांडा (Baijayant Panda) शामिल हैं।
बीजेपी के मौजूदा महासचिवों (General Secretaries) में अरुण सिंह (Arun Singh), दुष्यंत गौतम (Dushyant Gautam), विनोद तावड़े (Vinod Tawde), तरुण चुघ (Tarun Chugh), सुनील बंसल (Sunil Bansal), राधा मोहन दास अग्रवाल (Radha Mohan Das Agarwal) और बीएल संतोष शामिल हैं।
मौजूदा संगठन में चार सदस्यों का मार्गदर्शक मंडल, 12 सदस्यों का पार्ल्यामेंट्री बोर्ड और 15 सदस्यों की केंद्रीय चुनावी समिति (Central Election Committee) है। इसके अलावा संगठन में 11 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (National Vice Presidents), 7 राष्ट्रीय महासचिव (National General Secretaries), 1 संयुक्त महासचिव (Joint General Secretary), 11 राष्ट्रीय सचिव (National Secretaries), 7 मोर्चा प्रमुख (Morcha Chiefs), 1 मीडिया प्रभारी (Media Incharge), 1 मीडिया सह प्रभारी (Media Co-Incharge) और 1-1 कोषाध्यक्ष (Treasurer) व सह कोषाध्यक्ष (Joint Treasurer) हैं।
अब निगाहें नितिन नवीन की नई टीम पर टिकी हैं। अगर रिपोर्ट्स के मुताबिक बदलाव होते हैं तो संगठन में युवाओं, महिलाओं और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति से आने वाले नेताओं की भागीदारी बढ़ सकती है। साथ ही संगठन में बदलाव के बाद केंद्रीय कैबिनेट में संभावित फेरबदल को लेकर भी सियासी हलकों में चर्चा तेज हो सकती है।


