नहीं रहे BJP सांसद रामराव वडकुटे, दिल्ली में ली अंतिम सांस; PM मोदी ने जताया दुख

Ramrao Wadkute Passes Away: बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुटे का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए गरीबों और वंचितों की सेवा में उनके योगदान को याद किया। जानिए उनके राजनीतिक सफर की पूरी कहानी।

Shalni Kumari
Published on: 22 Nov 2026 1:31 PM IST
नहीं रहे BJP सांसद रामराव वडकुटे, दिल्ली में ली अंतिम सांस; PM मोदी ने जताया दुख
X

Ramrao Wadkute Passes Away: बीजेपी के राज्यसभा सांसद और धनगर समुदाय के प्रमुख नेता रामराव सखाराम वडकुटे का 72 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर वडकुटे को समाजसेवा और गरीब-वंचित वर्गों के लिए काम करने वाला नेता बताया। उन्होंने महाराष्ट्र में बीजेपी संगठन को मजबूत करने में वडकुटे के योगदान को भी याद किया।

PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामराव वडकुटे के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा कि राज्यसभा सांसद के जाने से वह बेहद दुखी हैं। वडकुटे को समाज के लिए उनके योगदान और गरीबों तथा वंचितों की सेवा को प्राथमिकता देने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में बीजेपी को मजबूत करने के उनके प्रयास भी उल्लेखनीय रहे। उन्होंने वडकुटे के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

महादेव जानकर ने भी जताया दुख

विधान परिषद सदस्य महादेव जानकर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रामराव वडकुटे को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में दिल का गंभीर दौरा पड़ने से सांसद रामराव वडकुटे के निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार, रिश्तेदारों तथा समर्थकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

कौन थे रामराव सखाराम वडकुटे?

रामराव सखाराम वडकुटे महाराष्ट्र की राजनीति में धनगर समुदाय के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। बीजेपी ने करीब आठ महीने पहले ही उन्हें राज्यसभा भेजा था। राज्यसभा सांसद बनने से पहले भी वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे थे।

वडकुटे 'शेली-मेंढी महासंघ' यानी बकरी और भेड़ पालक संघ के अध्यक्ष रह चुके थे। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के साथ राजनीति की और पार्टी के कोटे से महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य बने। अक्टूबर 2019 में उन्होंने एनसीपी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था।

धनगर समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता के तौर पर उनकी पहचान रही। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रमुख और प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।

महाराष्ट्र के मंत्री नरहरि जिरवाल ने भी जताया शोक

रामराव वडकुटे के निधन पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नरहरि जिरवाल ने भी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिंगोली जिले के कलमनुरी से राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे के हार्ट अटैक से निधन की खबर बेहद दुखद और हृदय विदारक है।

जिरवाल ने कहा कि वडकुटे का जाना सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनके निधन से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story