Shehzad Poonawalla: DMK, कांग्रेस और TVK एक ही विचारधारा के हैं: शहजाद पूनावाला

Shehzad Poonawalla: भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने डीएमके, कांग्रेस और टीवीके पर तीखा हमला करते हुए इन्हें एक ही थाली के चट्टे- बट्टे बताया और इनको सनातन धर्म और हिन्दू मूल्यों का अपमान करने वाला कहा।

Newstrack/IANS
Published on: 15 May 2026 2:46 PM IST
Shehzad Poonawalla
X

Shehzad Poonawalla

Shehzad Poonawalla: भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को डीएमके, कांग्रेस और टीवीके पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये सभी दल एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं और इनकी राजनीति सनातन धर्म तथा हिंदू मूल्यों का अपमान करने पर आधारित है। शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से कहा, "पहले उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही, जिसका कांग्रेस ने समर्थन किया। बाद में उनके विधायकों ने भी इसी तरह के बयान दिए। इसके बाद टीवीके और उससे जुड़े नेताओं ने भी वही बातें दोहराईं।"

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल लगातार हिंदू आस्था और सनातन पर हमला कर रहे हैं और जनता अब उनकी राजनीति को समझ चुकी है।पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वहां जनता ने भाजपा को पूरा समर्थन दिया और सरकार बनाई, लेकिन परिवारवाद की राजनीति संसाधनों की लूट में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि जब केरल और तमिलनाडु में कांग्रेस या कांग्रेस समर्थित सरकारें बनती हैं, तब विपक्ष चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बताता है, लेकिन जहां हार का डर होता है, वहां चुनाव आयोग पर सवाल उठाने शुरू कर दिए जाते हैं। शहजाद पूनावाला ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप केवल हार से बचने का बहाना हैं।

उन्होंने एसआईआर फेज 3 को लेकर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें चुनाव आयोग ने 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के तहत एसआईआर कराने का ऐलान किया है। इस प्रक्रिया के जरिए फर्जी, डुप्लीकेट और अवैध नामों को वोटर लिस्ट से हटाया जाएगा, जिससे मतदाता सूची शुद्ध बनेगी। उन्होंने इसे पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया बताया।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भी एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि जहां-जहां यह लागू हुई, वहां मतदान प्रतिशत 90 से 93 प्रतिशत तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से फर्जी वोटरों के नाम हटते हैं और असली मतदाताओं को मतदान का अधिकार सुनिश्चित होता है। साथ ही जिन लोगों के नाम कई जगह दर्ज होते हैं, उन्हें भी हटाया जाता है, जिससे चुनाव प्रक्रिया और ज्यादा पारदर्शी बनती है।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story