Bihar News: TRE-4 अभ्यर्थी आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी करें: मिथिलेश तिवारी

Bihar News: बीपीएससी टीआरई 4.0 भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्रों से आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील की।

Newstrack/IANS
Published on: 20 May 2026 4:44 PM IST
Mithilesh Tiwari
X

Mithilesh Tiwari

Bihar News: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई 4.0 के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी जहां आंदोलनरत हैं, वहीं प्रदेश के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से आंदोलन का रास्ता छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील की है।

मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार टीआरई-4 भर्ती को लेकर लगातार तैयारी कर रही है। आंदोलन करने से कोई फायदा नहीं है। जो चीज होने जा रही है, उसी के लिए आंदोलन यह ठीक नहीं लग रहा है। वैसे किसी को आंदोलन करने से रोका नहीं जा सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आंदोलन छोड़कर परीक्षा की तैयारी करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कुछ बाहरी लोग छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री के मुताबिक, सरकार इस बात पर भी नजर रख रही है कि आंदोलन में कौन-कौन लोग शामिल हो रहे हैं। इस बीच, बिहार में बुधवार को भी टीआरई 4 शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर छात्रों का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर दिखा। पटना में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रदर्शन करने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया।

छात्र जंजीर पहनकर विरोध जता रहे थे और सरकार से जल्द वैकेंसी जारी करने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थी बड़ी संख्या में पटना कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन कॉलेज और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कई जगह छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लंबे समय से सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक परीक्षा का स्पष्ट शेड्यूल जारी नहीं हुआ, अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि बीपीएससी जल्द से जल्द टीआरई 4.0 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करे। अभ्यर्थियों का कहना था कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया को लेकर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि बीपीएससी ने पहले कहा था कि 19-20 अप्रैल को विज्ञापन जारी होगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले भी कहा गया था कि विभाग से रिक्विजिशन मिल चुका है, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि टीआरई 4.0 के तहत 46 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती होनी है, लेकिन विज्ञापन में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story