TRENDING TAGS :
BRICS Summit 2026 के चलते दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, 22 जगह बदला रूट; घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी
BRICS Summit 2026 को लेकर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 22 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। जानें रूट और ट्रैफिक एडवाइजरी।
BRICS Summit 2026 Delhi: राजधानी दिल्ली में BRICS Summit 2026 को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया है। शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी प्रतिनिधियों की एयरपोर्ट, होटल और भारत मंडपम के बीच आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि BRICS Summit से जुड़े कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। प्रतिनिधियों की एयरपोर्ट से होटल और होटल से भारत मंडपम तक आवाजाही के दौरान ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा, "हमारे पास 22 डायवर्जन पॉइंट हैं, जहां से आम ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। जनता के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी सोशल मीडिया पर जारी की गई है।"
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और उसी के अनुसार अपना रूट तय करें। पुलिस का कहना है कि विशेष इंतजामों का उद्देश्य BRICS प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को सुचारू रखना और आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम करना है।
12 सितंबर से मुख्य कार्यक्रम
BRICS Summit का मुख्य कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है। बैठक में भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत शुरू की गई पहलों और संगठन की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के एजेंडे में वैश्विक सप्लाई चेन को अधिक मजबूत बनाना, सीमा-पार भुगतान व्यवस्था, स्थानीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ावा देना, MSME विकास, डिजिटल ट्रेड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
इसके अलावा ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति, विकास वित्त, New Development Bank के विस्तार और वैश्विक वित्तीय एवं राजनीतिक संस्थानों में सुधार पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि BRICS Summit के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।


