ट्रेन से कश्मीर पहुंचा मौत का सामान! बडगाम स्टेशन पर मिले सड़े मांस के 44 बक्से, यहां होनी थी सप्लाई

Rotten Meat Seized in Budgam: जम्मू-कश्मीर के बडगाम रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सड़े हुए मांस के 44 बक्से जब्त किए हैं।

Shalni Kumari
Published on: 14 Nov 2026 2:34 PM IST
Budgam Railway Station
X

Rotten Meat Seized in Budgam 

Rotten Meat Seized in Budgam: लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले अवैध कारोबार का एक चौंकाने वाला मामला जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सामने आया है। रेलवे के जरिए सड़ा हुआ मांस कश्मीर पहुंचाया जा रहा था। शनिवार को बडगाम रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए ऐसे मांस से भरे 44 बक्से जब्त किए। जांच में मांस इंसानों के खाने लायक नहीं पाया गया। इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे पुलिस की इंस्पेक्टर बेनजीर इकबाल के मुताबिक, संबंधित ट्रेन शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे बडगाम रेलवे स्टेशन पहुंची थी। दोपहर लगभग 12:30 बजे जब ट्रेन के पार्सल की सील खोली जा रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि खेप में सड़ा हुआ मांस लाया गया है।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक कंपनी के मालिक की ओर से सील तोड़ी जा चुकी थी। पुलिस ने पार्सल की जांच की तो वहां 44 खुले हुए बक्से मिले। इनके अंदर रखा मांस सड़ चुका था और खाने के पूरी तरह अनुपयुक्त स्थिति में था।

डॉक्टर ने जांच के बाद बताया खाने के लायक नहीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मौके पर बुलाया। बडगाम के तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पशु चिकित्सक ने मांस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मांस से तेज दुर्गंध आ रही थी। डॉक्टर ने इसकी पुष्टि की कि यह इंसानों के खाने योग्य नहीं है।

इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271 में FIR दर्ज की। जब्त किए गए मांस को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

श्रीनगर की फैक्ट्री तक पहुंचाई जानी थी खेप

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जब्त किया गया मांस श्रीनगर के नौगाम बाईपास इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में पहुंचाया जाना था। मांस की खेप को संभालने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वहीं, पुलिस इस पूरे कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

रेलवे पुलिस ने बताया कि पार्सल ट्रेनों के संचालन के बाद से जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं, खासकर मांस जैसी चीजों को इनके जरिए भेजने के मामले सामने आते रहे हैं। आशंका है कि जांच से बचने के लिए ऐसे सामान को पार्सल ट्रेनों के माध्यम से लाया जाता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से की सूचना देने की अपील

रेलवे पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी अवैध तरीके से मांस की ढुलाई या इस तरह के किसी संदिग्ध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस का उद्देश्य अपराध को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story