अनाथ बच्चों से बुजुर्गों तक को मिलेगा परिवार का सहारा, नीता अंबानी ने रखी अनंत आश्रय की नींव

Mumbai News: महाराष्ट्र के कर्जत में 100 एकड़ में अनंत आश्रय बनेगा। नीता अंबानी की इस पहल से 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर, देखभाल और रोजगार की सुविधाएं मिलेंगी।

Newstrack Network
Published on: 1 Nov 2026 7:11 PM IST
अनाथ बच्चों से बुजुर्गों तक को मिलेगा परिवार का सहारा, नीता अंबानी ने रखी अनंत आश्रय की नींव
X

नीता अंबानी ने किया अनंत आश्रय का भूमिपूजन

Mumbai News: रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रविवार को महाराष्ट्र के कर्जत में 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय' का भूमिपूजन किया। करीब 100 एकड़ में बनने वाला यह परिसर 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर-परिवार जैसा माहौल और देखभाल उपलब्ध कराएगा। भूमिपूजन में ईशा अंबानी भी शामिल हुईं। रिलायंस फाउंडेशन की इस गैर-लाभकारी पहल को आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।

भूमिपूजन के अवसर पर नीता अंबानी ने कहा कि अनंत आश्रय उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा, "एक मां के तौर पर मेरी सबसे बड़ी उम्मीद है कि जिन माता-पिता को जीवनभर यह चिंता रही है कि उनके न रहने पर बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह भरोसा मिल सके कि उनके बच्चे का हमेशा अपना घर और परिवार होगा।" उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां हर उम्र के व्यक्ति को गरिमा के साथ जीने और हर नए दिन की ओर उम्मीद से देखने का अवसर मिलेगा।

अनंत आश्रय की परिकल्पना केवल एक आश्रय स्थल नहीं, बल्कि ऐसे समुदाय के रूप में की गई है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान और अपनापन मिले। परिसर में परिवार जैसे छोटे-छोटे घर होंगे, जहां विशेष रूप से नियुक्त कर्मचारी देखभाल करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति की जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यक्तिगत विकास की योजना तैयार होगी। यहां रहने वालों, चिकित्सा विशेषज्ञों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित परिसर में विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के साथ शिक्षा, खेल, संगीत और कला के अवसर भी मिलेंगे। बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्रों के जरिए रोजगार और कौशल विकास की व्यवस्था होगी। परिसर में मंदिर, बगीचे और वनतारा के सहयोग से पशुओं के साथ जुड़ाव बढ़ाने वाला फार्म भी प्रस्तावित है। आसपास के गांवों के लोग भी यहां की कुछ सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

खास बात यह है कि नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर इस पहल की नींव रखी। अपने संबोधन में उन्होंने इसे भारत मां के चरणों में एक मां की ओर से छोटी-सी भेंट बताया।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story