TRENDING TAGS :
पहले गोलियों से भूना, फिर कार में लगा दी आग? कनाडा में भारतीय कपल की हत्या से सनसनी
Canada Indian Couple Murder: कनाडा के सरे में वॉलमार्ट के बाहर भारतीय मूल के गगनप्रीत रेहल और सुखजीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के 13 मिनट बाद पास में कार में आग लगने से पुलिस को किसी साजिश का शक है।
Surrey Double Murder
Canada Indian Couple Murder: कनाडा में भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर एक भारतीय मूल के कपल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त दोनों स्टोर की पार्किंग में मौजूद थे। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि हमलावरों ने किसी खास मकसद से दोनों को निशाना बनाया था और इस घटना का संबंध संगठित अपराध से हो सकता है। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है। मामले की जांच कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है।
वॉलमार्ट की पार्किंग में बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10 बजकर 38 मिनट पर सरे के वॉलमार्ट स्टोर की पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचे आपातकालीन कर्मचारियों ने एक युवक और युवती को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सरे पुलिस सर्विस ने बताया कि मृतक गगनप्रीत रेहल और सुखजीत कौर डेल्टा टाउनशिप के रहने वाले थे। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले को संभावित टारगेटेड शूटिंग मानते हुए जांच आगे बढ़ाई है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर कौन थे और इस वारदात के पीछे क्या वजह थी।
पार्किंग में खड़ी मिली लाल मस्टैंग
घटना के बाद वॉलमार्ट की पार्किंग में एक लाल रंग की मस्टैंग कार भी देखी गई। CBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, कार की खिड़कियां टूटी हुई थीं। जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। IHIT के अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद पास में एक कार में आग लगने की घटना हुई थी। पुलिस को संदेह है कि इस आग का संबंध कपल की हत्या से हो सकता है। जांचकर्ताओं को आशंका है कि संदिग्धों ने वारदात को अंजाम देने के बाद इसी वाहन का इस्तेमाल किया होगा।
पुलिस के मुताबिक, गगनप्रीत रेहल पहले हथियारों से जुड़े अपराधों के कारण पुलिस की जानकारी में था, जबकि सुखजीत कौर के कनाडा में बहुत कम संपर्क थे। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों को निशाना बनाए जाने के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस ने CCTV और डैश कैमरा फुटेज मांगे
IHIT ने अपने बयान में कहा है कि शुरुआती जांच के आधार पर यह गोलीबारी किसी खास व्यक्ति या लोगों को निशाना बनाकर की गई प्रतीत होती है। पुलिस को इसके पीछे संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका भी है। जांच एजेंसी ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और घटना के समय वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से मदद मांगी है।
पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी, CCTV फुटेज या डैश कैमरे की रिकॉर्डिंग है तो वह जांचकर्ताओं से संपर्क करे। इन सबूतों से हमलावरों की पहचान करने और वारदात की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।
पिछले महीने भी जलती कार में मिला था भारतीय युवक का शव
ब्रिटिश कोलंबिया में भारतीय मूल के लोगों से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है। पिछले महीने लैंगली इलाके में एक जलती हुई कार के अंदर 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव मिला था। तुषार सरे में रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। आग बुझाने पहुंचे आपातकालीन कर्मचारियों को कार के अंदर मानव अवशेष मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
जांचकर्ताओं के अनुसार, तुषार शर्मा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनका सामाजिक दायरा भी सीमित था। पुलिस को आशंका थी कि उन्हें भी जानबूझकर निशाना बनाया गया। जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने में जुटी थी कि उनकी किसी से निजी दुश्मनी थी या हत्या के पीछे कोई अन्य कारण था।
इस तरह ब्रिटिश कोलंबिया में कुछ ही हफ्तों के अंतराल पर भारतीय मूल के लोगों से जुड़ी दो गंभीर हत्याओं के मामले सामने आए हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है। कनाडाई पुलिस अलग-अलग मामलों के तौर पर इनकी जांच कर रही है।


