TRENDING TAGS :
पंजाब चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर ने बढ़ाई कांग्रेस की हलचल, सोनिया गांधी के कार्यक्रम में पहुंचे BJP नेता; क्या होगी घर वापसी?
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। क्या विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में होगी उनकी घर वापसी?
Punjab Politics 2026: पंजाब की सियासत में चुनावी बिसात बिछने से पहले एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने कांग्रेस और बीजेपी दोनों खेमों में चर्चाएं तेज कर दी हैं। बीजेपी में शामिल पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में पहुंच गए। राजनीतिक गलियारों में इस मौजूदगी को महज शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि कैप्टन की संभावित घर वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। सवाल उठने लगा है कि क्या पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन एक बार फिर गांधी परिवार के करीब लौटने की तैयारी में हैं?
दरअसल, सोमवार (16 नवंबर) को नई दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का औपचारिक विमोचन हुआ। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ-साथ विपक्षी INDIA गठबंधन के कई प्रमुख चेहरे भी पहुंचे। लेकिन इन तमाम राजनीतिक हस्तियों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। इसकी वजह साफ है कि कैप्टन फिलहाल बीजेपी के सदस्य हैं और लंबे समय से उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
कैप्टन की मौजूदगी इसलिए भी अहम है क्योंकि वह गांधी परिवार के पुराने और करीबी नेताओं में गिने जाते रहे हैं। दूसरी ओर, बीजेपी में शामिल होने के बाद भी उनकी राजनीतिक स्थिति और पार्टी के भीतर सक्रियता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में सोनिया गांधी के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है।
सचिन पायलट के बयान ने बढ़ाई वापसी की उम्मीद
कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की अटकलों को हाल ही में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के बयान से भी हवा मिली थी। कैप्टन को लेकर सवाल पूछे जाने पर पायलट ने कहा था कि उनका राजनीतिक कद बहुत बड़ा है और राजनीति में कुछ भी संभव है।
हालांकि, पायलट ने यह भी साफ किया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी इस मुद्दे पर कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है। न ही कांग्रेस हाईकमान के स्तर पर इस संबंध में कोई चर्चा हुई है। उन्होंने कहा था कि कैप्टन के मन में क्या चल रहा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। ऐसे में उनकी वापसी को लेकर अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
राहुल गांधी भी बता चुके हैं अपना पसंदीदा नेता
कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के पुराने रिश्ते भी चर्चा का विषय हैं। खुद राहुल गांधी सार्वजनिक बातचीत के दौरान उन्हें अपना पसंदीदा नेता बता चुके हैं।
दरअसल, जेन-जी के साथ एक संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी से पूछा गया था कि बीजेपी में उनका पसंदीदा नेता कौन है? इस पर उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया था। राहुल ने कहा था कि वह कैप्टन के साथ आसानी से घुल-मिल जाते हैं। वह कूल हैं और सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं, इसलिए उन्हें पसंद करते हैं। राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा था, 'हैलो अंकल अमरिंदर।'
राहुल गांधी का यह बयान भी अब राजनीतिक चर्चाओं में फिर से जगह बना रहा है। कैप्टन की सोनिया गांधी के कार्यक्रम में मौजूदगी और राहुल के पुराने बयान को जोड़कर पंजाब में कांग्रेस के भीतर संभावित वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सोनिया गांधी के कार्यक्रम में विपक्ष के दिग्गजों का जमावड़ा
सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में विपक्षी राजनीति के कई बड़े चेहरे शामिल हुए। इनमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके नेता सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला प्रमुख रहे।
इसके अलावा एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी समारोह में मौजूद रहे।
फिलहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी को लेकर न तो उनकी ओर से कोई आधिकारिक संकेत मिला है और न ही कांग्रेस नेतृत्व ने कोई घोषणा की है। लेकिन पंजाब में आगामी चुनावों से पहले उनकी मौजूदगी ने सियासी अटकलों को जरूर तेज कर दिया है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि यह मुलाकात महज एक औपचारिक उपस्थिति साबित होती है या पंजाब की राजनीति में किसी नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करती है।


