TRENDING TAGS :
पकड़ा गया ₹6,000 करोड़ का घोटालेबाज अभिषेक कुमार, महादेव बेटिंग ऐप मामले में CBI का बड़ा एक्शन
CBI ने महादेव बेटिंग ऐप मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल अभिषेक कुमार को दुबई से हैदराबाद पहुंचते ही गिरफ्तार किया।
Mahadev Betting App Scam: महादेव बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने इस कथित करोड़ों रुपये के बेटिंग ऐप घोटाले में प्रमुख आरोपियों में शामिल अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। उसे दुबई से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया।
CBI के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि अभिषेक कुमार ने कथित तौर पर बेटिंग पैनल के संचालन में समन्वय करने, पैसों की वसूली और अवैध गतिविधियों से कथित तौर पर हासिल रकम से दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने में सक्रिय भूमिका निभाई।
CBI ने क्या कहा?
CBI के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के तुरंत बाद उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर जब्त सामग्री से महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में अभिषेक कुमार की भूमिका के संकेत मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वह मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था। CBI ने कहा कि मामले में अभिषेक कुमार की भूमिका को लेकर जांच आगे भी जारी है।
हैदराबाद कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। इसके बाद उसे रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया।
13 FIR के बाद CBI को सौंपा गया था केस
CBI के प्रवक्ता के मुताबिक, महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच एजेंसी को तब सौंपी गई, जब छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 FIR CBI को सौंप दी थीं। इसके बाद CBI ने इन मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली। एजेंसी के मुताबिक, अब तक इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। इन आरोपियों में महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और सरकार से जुड़े कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
CBI अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच अभी जारी है। एजेंसी अन्य फरार आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों को भारत वापस लाने की कोशिश भी की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ मामले में सुनवाई आगे बढ़ सके।
CBI के प्रवक्ता ने बताया कि अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी चल रही है। CBI के मुताबिक, महादेव बेटिंग ऐप मामले में आगे की जांच के साथ फरार आरोपियों और मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने की कोशिश जारी है।


