TRENDING TAGS :
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बड़े मर्डर केस में CBI का एक्शन, वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार
West Bengal News: Suvendu Adhikari के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI ने वाराणसी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गाजीपुर निवासी आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को जांच एजेंसी ने वाराणसी से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विनय राय उर्फ पमपम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानिया क्षेत्र के देवरिया गांव का रहने वाला है। सीबीआई टीम ने आरोपी को वाराणसी में पुलिस लाइन के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एजेंसी को ट्रांजिट रिमांड मिल गई। इसके बाद सीबीआई आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
यूपी से अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में उत्तर प्रदेश से अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले सीबीआई ने बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ हरिद्वार से लौट रहा था, तभी दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा के पास उसे पकड़ा गया। सीबीआई ने राजकुमार को भी स्थानीय कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल की थी। इससे पहले एक अन्य आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था। वहीं दो अन्य आरोपी बिहार के बक्सर से पकड़े गए थे।
कोलकाता में हुई थी हत्या
चंद्रनाथ रथ की 6 मई को कोलकाता में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पहले पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी मामले की जांच कर रही थी। बाद में यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। सीबीआई की कोलकाता टीम ने 12 मई को केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद से एजेंसी लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिंह के खिलाफ बलिया जिले में पहले से तीन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ रसड़ा और गड़वार थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजकुमार पहले मुंबई में नौकरी करता था, लेकिन बाद में गांव लौट आया था। वह ड्राइवर का काम कर रहा था और विदेश जाने की तैयारी में था। हालांकि, मुकदमों की वजह से उसका पासपोर्ट नहीं बन पाया।
परिवार से भी पूछताछ
राजकुमार के पिता ने बताया कि सीबीआई ने उन्हें फोन कर बेटे की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। बाद में जांच एजेंसी की टीम गांव भी पहुंची और परिवार से पूछताछ की। अधिकारियों ने मोबाइल फोन समेत कुछ अन्य जानकारियां भी जांच के लिए लीं। फिलहाल सीबीआई पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई थी और इसमें कितने लोग शामिल थे।


