धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन पर बवाल, लाठी-डंडे लेकर पहुंचे बागेश्वर धाम समर्थक; छतरपुर में तनाव

छतरपुर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान पर बवाल बढ़ गया। यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन के बीच बागेश्वर धाम समर्थक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे। पुलिस ने सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया।

Alakha Singh
Published on: 13 Nov 2026 7:35 PM IST (Updated on: 13 Nov 2026 7:36 PM IST)
धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्रदर्शन पर बवाल, लाठी-डंडे लेकर पहुंचे बागेश्वर धाम समर्थक; छतरपुर में तनाव
X

Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में शुक्रवार, 13 नवंबर को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और यादव महासभा से जुड़े विवाद ने तनावपूर्ण रूप ले लिया। प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आने की स्थिति में पहुंच गए। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया। शहर के प्रमुख चौराहों, पन्ना नाका और रेलवे स्टेशन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

बागेश्वर धाम में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे यादव महासभा के समर्थकों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इसके विरोध में यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव के नेतृत्व में समर्थकों ने छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सभा की। सभा के बाद आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों में बैठा दिया।

भगवान कृष्ण पर कथित टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, पूरा विवाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम को लेकर दिए गए कथित बयान से शुरू हुआ। इस बयान से नाराज यादव महासभा ने 13 नवंबर को बागेश्वर धाम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन और तालाबंदी का ऐलान किया था। संगठन की ओर से छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने की तैयारी की गई थी।

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने भी अपने बयान पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि भगवान राम और भगवान कृष्ण में कोई अंतर नहीं है। दोनों एक ही हैं। उनकी बातों से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बातों को संदर्भ से काटकर पेश किया जा रहा है। हालांकि, उनकी सफाई के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आया।

हाईवे पर बागेश्वर धाम समर्थकों का कब्जा, लगा लंबा जाम

यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन के जवाब में बागेश्वर धाम समर्थक भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए। शुक्रवार को बृजपुरा के पास समर्थकों ने फोरलेन हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।


इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए, जिनमें कथित तौर पर बागेश्वर धाम समर्थक लाठी-डंडे लेकर दिखाई दिए। कुछ वीडियो में प्रदर्शनकारियों को धमकी देने जैसी गतिविधियां भी नजर आने की खबरें सामने आईं। इससे दोनों पक्षों के बीच टकराव की आशंका और बढ़ गई।

400 से 500 समर्थकों को हिरासत में लेने का दावा

यादव महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने प्रशासन पर प्रदर्शनकारियों को रोकने और उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, बागेश्वर धाम जा रहे समर्थकों को पन्ना नाका समेत कई स्थानों पर रोक दिया गया। रेलवे स्टेशन पर सभा के बाद आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई में करीब 400 से 500 लोगों को हिरासत में लिया गया। हालांकि, इस संख्या की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

जगदीश यादव ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के सम्मान तथा मातृशक्ति के समर्थन में उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों का विरोध करना उनका अधिकार है।


पुलिस की हाई अलर्ट व्यवस्था, ड्रोन और CCTV से निगरानी

छतरपुर में हालात को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी है। एसपी रजत सकलेचा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ दूसरे क्षेत्रों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है। रेलवे स्टेशन, बागेश्वर धाम जाने वाले रास्तों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।

प्रशासन CCTV कैमरों, ड्रोन और तकनीकी निगरानी के जरिए पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों को नोटिस देकर पाबंद किया गया है और आपत्तिजनक पोस्ट हटवाई गई हैं।

एसपी रजत सकलेचा ने स्पष्ट किया है कि हर व्यक्ति को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानूनी प्रक्रिया और प्रशासन की अनुमति का पालन करना जरूरी है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक विवाद से कानून-व्यवस्था की चुनौती तक पहुंचा मामला

छतरपुर में शुरू हुआ यह विवाद अब दो संगठनों के बीच विरोध और जवाबी लामबंदी का रूप ले चुका है। एक तरफ यादव महासभा धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणी के खिलाफ आंदोलन जारी रखने पर अड़ी है, तो दूसरी तरफ बागेश्वर धाम समर्थक भी विरोध प्रदर्शन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।

फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकना और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। आने वाले दिनों में यह विवाद किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story