‘50 लाख दो, वरना...', गंभीर मामले में फंसे चिराग पासवान के MLA! लगे धमकी और रंगदारी के आरोप

Chirag Paswan Party MLA: बिहार के दरौली से लोजपा-आर विधायक विष्णुदेव पासवान पर ठेकेदार से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने और हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

Aditya Kumar Verma
Published on: 6 Oct 2026 9:40 PM IST
Chirag Paswan Party MLA Accused of Demanding Rs 50 Lakh
X

Image Source- Social Media

Chirag Paswan Party MLA: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी लोजपा-आर (LJP-Ram Vilas) के एक और विधायक आपराधिक मामले को लेकर चर्चा में हैं। बिहार के दरौली से लोजपा-आर विधायक विष्णुदेव पासवान पर एक ठेकेदार से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकाने का आरोप लगा है। इस मामले में मंगलवार को सीवान जिले के आंदर थाने में ठेकेदार विवेक कुमार सिंह ने एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है।

विष्णुदेव पासवान पर लगे आरोपों के बीच उनकी ही पार्टी के एक अन्य विधायक अमित कुमार रानू का नाम भी सामने आया है। मुजफ्फरपुर जिले के बेलसंड से विधायक अमित रानू पर भी जमीन हड़पने और रंगदारी मांगने जैसे आरोप लग चुके हैं।

विधायक प्रतिनिधि समेत तीन आरोपी

आंदर थाने में दर्ज एफआईआर में दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान के अलावा उनके विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान और आंदर थाना क्षेत्र के भवराजपुर निवासी साहेब हुसैन को भी आरोपी बनाया गया है।

मैरवा एसडीपीओ (SDPO) आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने अमित पासवान और साहेब हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

ठेकेदार ने लगाए 50 लाख मांगने के आरोप

ठेकेदार विवेक कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह आनंद प्रखंड मुख्यालय में भवन निर्माण का काम करा रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान और उसके सहयोगी साहेब हुसैन वहां पहुंचे।

विवेक सिंह का आरोप है कि दोनों ने उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और निर्माण कार्य बंद करने का दबाव बनाया। ठेकेदार के मुताबिक, मामला यहीं नहीं रुका और इसके बाद साहेब हुसैन ने 10 से 15 अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया।

हथियार दिखाकर धमकाने का दावा

ठेकेदार ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद लोगों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया। इसी बीच सूचना मिलने के बाद डायल-112 (Dial-112) की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग मौके से भाग गए। इसके बाद पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान और साहेब हुसैन को पकड़ लिया और दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।

विधायक पर कमीशन मांगने का आरोप

ठेकेदार विवेक सिंह ने दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने विधायक पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक ने टेंडर की राशि का 3 प्रतिशत उन्हें देने का दबाव बनाया था। हालांकि विधायक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

विधायक बोले- शिकायत के कारण फंसाया

दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान ने ठेकेदार की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी तरह की 50 लाख रुपये की मांग नहीं की है।

विधायक के मुताबिक, ठेकेदार जिस निर्माण कार्य को करा रहा था, उसमें गड़बड़ी की शिकायत उन्होंने पहले ही भवन निर्माण विभाग के सचिव से की थी। उनका दावा है कि इसी शिकायत के कारण उनके खिलाफ यह झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अब इस मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान और साहेब हुसैन पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

चिराग की पार्टी के दूसरे विधायक भी विवादों में

विष्णुदेव पासवान पर लगे आरोपों से पहले चिराग पासवान की पार्टी के एक अन्य विधायक अमित कुमार रानू भी आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। मुजफ्फरपुर जिले के बेलसंड से विधायक अमित रानू पर करोड़ों रुपये की जमीनें हड़पने और रंगदारी मांगने के आरोप लग चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक, अमित रानू पर अलग-अलग थानों में 8 से 9 मामले दर्ज हैं। अगस्त 2026 में मुजफ्फरपुर जिले के बैरिया स्थित उनके आवास पर पुलिस ने छापेमारी भी की थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस से भिड़े थे समर्थक

उस दौरान पुलिस और विधायक के समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई थी। इस घटनाक्रम के बाद कोर्ट ने विधायक अमित रानू पर 1.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।

अब दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान के खिलाफ ठेकेदार से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकाने के आरोप में एफआईआर दर्ज होने से लोजपा-आर के एक और विधायक पर सवाल उठे हैं। हालांकि इस मामले में विधायक विष्णुदेव पासवान ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपनी ओर से की गई शिकायत के बाद दर्ज कराया गया झूठा केस बताया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story