TRENDING TAGS :
'कुर्सी के लायक नहीं...', CJI सूर्यकांत से भिड़ना वकील को पड़ा भारी! क्या होगा एक्शन?
CJI Surya Kant Contempt Action: सीजेआई सूर्यकांत से अदालत में बदसलूकी करने वाले वकील प्रवीण सिंघल के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी कार्रवाई की मांग की है। मामले में 18 नवंबर को सुनवाई होगी।
Image Source- Social Media
CJI Surya Kant Contempt: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के साथ सुप्रीम कोर्ट में कथित तौर पर गलत बर्ताव करने वाले वकील प्रवीण सिंघल के खिलाफ अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। खबर है कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना (Criminal Contempt) की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। दरअसल, वकील ने अदालत में सीजेआई के आदेश पर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया था कि वह कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें जरूरी ईमानदारी नहीं है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने भी वकील के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है।
इंतजार करने को कहा तो CJI पर ही भड़क गए वकील
दरअसल, सोमवार को एडवोकेट प्रवीण सिंघल एक मामले में तत्काल सुनवाई (Urgent Hearing) की मांग लेकर अदालत पहुंचे थे। उस समय सीजेआई सूर्यकांत के साथ जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी मोहाना की बेंच सुनवाई कर रही थी। सिंघल ने अदालत से अपने मामले पर तुरंत सुनवाई करने की अपील की, लेकिन सीजेआई ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा।
इसी बात पर वकील नाराज हो गए और अदालत में ही बयानबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मामला अदालत में भ्रष्टाचार (Corruption) से जुड़ा हुआ था। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि भ्रष्टाचार से संबंधित उनका आरोप आखिर किस मामले को लेकर था।
'आप कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाराज प्रवीण सिंघल ने सीजेआई सूर्यकांत से कहा, 'आप कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप वहां बैठने के लायक नहीं हैं। आपके अंदर उसके लिए जरूरी ईमानदारी नहीं है।'
वकील ने यह टिप्पणी तब की, जब सीजेआई ने उन्हें इंतजार करने के लिए कहा था। बताया गया कि इसके बाद अदालत की सुनवाई का ऑडियो बंद कर दिया गया और सुरक्षाकर्मी प्रवीण सिंघल को अदालत से बाहर ले गए।
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। बार काउंसिल के पदाधिकारियों ने अदालत को बताया है कि उनके पास प्रवीण सिंघल के ऐसे कुछ वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें वह इसी तरह का गलत बर्ताव करते नजर आ रहे हैं। यानी अब उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग सिर्फ सोमवार की घटना तक सीमित नहीं बताई जा रही है।
18 नवंबर को होगी वकील के खिलाफ सुनवाई
प्रवीण सिंघल के खिलाफ 18 नवंबर को सुनवाई होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव और सह सचिव प्रज्ञा बघेल और मीनेश दुबे इस मामले को लेकर अदालत पहुंचे थे। उन्होंने अपील की कि प्रवीण सिंघल के मामले को शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वाघले से जुड़े केस के साथ शामिल किया जाए।
खास बात यह है कि संजय राउत और निखिल वाघले के खिलाफ भी सीजेआई सूर्यकांत पर टिप्पणी करने को लेकर मामला चल रहा है। ऐसे में अब प्रवीण सिंघल का मामला भी इसी तरह की टिप्पणियों और अदालत की गरिमा से जुड़े विवाद के बीच सामने आया है।
भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में तत्काल सुनवाई चाहते थे सिंघल
दरअसल, सोमवार को अदालत में प्रवीण सिंघल ने दावा किया था कि वह भ्रष्टाचार से संबंधित एक मामले में तत्काल सुनवाई चाहते हैं। उनका आरोप था कि इस संबंध में सीजेआई सूर्यकांत को 2 नवंबर को एक पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक उसका जवाब नहीं मिला है।
इस पर जस्टिस वी मोहाना ने उन्हें टोकते हुए कहा था कि वह इस तरह की किसी बात का उल्लेख नहीं कर सकते। इसके बावजूद सिंघल अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, 'हम देखेंगे, आप अभी इंतजार कीजिए।'
सीजेआई के इतना कहने पर भी वकील शांत नहीं हुए। उन्होंने जवाब दिया, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें वह ईमानदारी नहीं है।' इसके बाद अदालत में माहौल तनावपूर्ण हो गया और सुरक्षाकर्मी उन्हें बाहर ले गए।
संजय राउत और निखिल वाघले के खिलाफ भी चल रहा मामला
सीजेआई सूर्यकांत पर टिप्पणी को लेकर संजय राउत और पत्रकार निखिल वाघले का मामला भी चर्चा में है। दरअसल, अक्टूबर में विपक्षी दलों ने सीजेआई सूर्यकांत से मुलाकात करने की मांग की थी, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। सीजेआई ने इसकी वजह बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र भी लिखा था।
सीजेआई के मुलाकात से इनकार करने के बाद संजय राउत ने कुछ बयान दिए थे, जिन पर आपत्ति जताई गई। इसके बाद 16 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने संजय राउत और निखिल वाघले को नोटिस जारी किया था। अदालत ने दोनों से पूछा था कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना (Criminal Contempt) की कार्यवाही क्यों नहीं शुरू की जानी चाहिए।
अब प्रवीण सिंघल के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की तैयारी है। सोमवार को अदालत में सीजेआई सूर्यकांत के साथ हुए विवाद के बाद 18 नवंबर की सुनवाई पर सबकी नजरें रहेंगी।


