TRENDING TAGS :
कॉकरोच जनता पार्टी के 3 नेताओं पर बड़ा एक्शन, सौरव दास के बाद अब इन दो पर भी लगा बैन!
Cockroach Janta Party: मुंबई पुलिस ने सौरव दास के बाद अब सीजेपी के दो और बड़े नेताओं पर कड़ा एक्शन लिया है। जानें क्या है पूरा मामला।
Cockroach Janta Party
Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी के दो और नेताओं के विदेश जाने पर रोक लग सकती है। सौरव दास के बाद अब मुंबई पुलिस ने पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। इसके बाद अब तीनों नेताओं का देश से बाहर जाना मुश्किल हो गया है। मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को बिना अनुमित प्रदर्शन करने के मामले में मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस ने तीनों नेताओं को देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस को इस बात की आशंका थी कि यह तीनों नेता विदेश जा सकते हैं। इससे पहले सौरव दास को 23 नवंबर को लंदन नहीं जाने दिया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले ही रोक दिया गया था। अब अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के भी विदेश जाने पर रोक लगाया गया है। सौरव दास ने इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था। गुरुवार को केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर ही सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सीजेपी ने मुंबई के मशहूर शिवाजी पार्क में 'चलो मुंबई' नाम से प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी। हालांकि मुंबई पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी थी। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 4,000 से अधिक लोग शामिल हुए थे। पुलिस ने 3 अक्टूबर को इस मामले में आयोजकों और पार्टी के नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इस FIR में अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
FIR में 400 से अधिक समर्थकों के नाम
पुलिस ने इस मामले में लगभग 400 समर्थकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 और 223 के साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत कार्रवाई की है। इन धाराओं में गैरकानूनी जमावड़ा, लोक सेवक के वैध आदेश की अवहेलना और पुलिस के प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन जैसे आरोप शामिल हैं। इसी मामले के संबंध में अब CJP के तीन प्रमुख नेताओं के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किए गए हैं।
सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों रोका गया था?
सौरव दास को 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय रोक लिया गया था, जब वह लंदन जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एक पैनल चर्चा में शामिल होना था। हालांकि, इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट पर अलर्ट होने के कारण उन्हें यात्रा करने से रोक दिया।
इसके बाद सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। गुरुवार को सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर उनके खिलाफ LOC जारी किया गया था। केंद्र की ओर से अदालत में यह भी बताया गया कि सौरव दास के पासपोर्ट रिकॉर्ड में उनकी पढ़ाई, पते और माता-पिता से संबंधित जानकारियों में विसंगतियां सामने आई थीं
9 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई
सौरव दास के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की है। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने लुकआउट सर्कुलर की जानकारी और उसकी प्रति उपलब्ध कराने की मांग की थी। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से कहा गया कि सौरव दास को अब लुकआउट सर्कुलर के बारे में जानकारी है और वह इसके खिलाफ अलग से कानूनी चुनौती दे सकते हैं।
फिलहाल इस मामले में अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है। उधर, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ सर्कुलर जारी होने से CJP के तीनों प्रमुख नेताओं के लिए विदेश यात्रा का मामला चर्चा में आ गया है।


