TRENDING TAGS :
'दिवाली तक प्रोटेस्ट...', अभिजीत दीपके ने की कार्यकर्ताओं से ये अपील, क्या है CJP का मास्टरप्लान?
Abhijeet Dipke Protest Plan: सीजेपी चीफ अभिजीत दिपके ने दिवाली तक किसी प्रोटेस्ट की योजना नहीं होने की बात कही है। उन्होंने समर्थकों से परिवार के साथ समय बिताने की अपील की और सौरभ दास व आशुतोष को लेकर बड़ा बयान दिया।
Image Source- Social Media
Abhijeet Dipke Protest Plan: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चीफ अभिजीत दिपके ने दिवाली तक किसी भी तरह के प्रोटेस्ट (Protest) की योजना नहीं होने की बात कही है। उन्होंने अपने समर्थकों को ‘कॉकरोच’ कहकर संबोधित किया और अपील की कि त्योहार के दौरान कुछ दिन अपने परिवार और करीबियों के साथ समय बिताएं। दिपके ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों में आंदोलन से जुड़े लोगों और उनके परिवारों ने काफी मुश्किलों का सामना किया है।
उन्होंने सौरभ दास और आशुतोष का भी जिक्र किया और कहा कि दोनों के जेल में होने के बावजूद आंदोलन से जुड़े लोग डरने वाले नहीं हैं। उनके मुताबिक, आंदोलन में शामिल कई वॉलंटियर्स को सड़कों पर पीटा गया और हिरासत के दौरान भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
परिवारों पर भी पड़ रहा आंदोलन का असर
अभिजीत दिपके ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में आंदोलन से जुड़े लोगों के साथ जो कुछ हुआ, उसका असर उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है। कई वॉलंटियर्स को सड़कों पर पीटे जाने के साथ हिरासत में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में कार्यकर्ताओं के परिवार भी चिंता में हैं। इसलिए उन्होंने समर्थकों से कुछ दिन अपने परिवार और करीबियों के साथ बिताने की अपील की। दिपके ने कहा कि त्योहार का समय है और उनके परिवार भी उनकी चिंता कर रहे होंगे।
‘हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं’
अभिजीत दिपके ने आंदोलन के मकसद को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े लोगों को नफरत के खिलाफ लड़ते हुए यह भी ध्यान रखना होगा कि वही नफरत उनके अंदर न आए।
दिपके ने कहा, "हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं. हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि वह नफरत हमारे अंदर न आए. हमें उन लोगों जैसा नहीं बनना है जो हमसे नफरत करते हैं. हमारी सबसे बड़ी ताकत एक-दूसरे के लिए प्यार, करुणा और दयालुता है."
‘सौरभ और आशुतोष को जेल में डालकर डरा नहीं पाएंगे’
दिपके ने बताया कि उनकी सौरभ दास और आशुतोष के परिवारों से बात हुई है। उन्होंने कहा कि सौरभ की मां ने टीम के लोगों से अपना ध्यान रखने के लिए कहा है।
वहीं, आशुतोष के परिवार में उनके जेल में रहने के दौरान एक सदस्य की मौत हो गई। इसके चलते आशुतोष उस दौरान अपने परिवार के साथ नहीं रह सके।
अभिजीत दिपके ने कहा कि सौरभ और आशुतोष दोनों मजबूत हैं और उनके परिवार भी उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि दोनों के जेल जाने से आंदोलन से जुड़े लोग डरने वाले नहीं हैं।
दिपके ने कहा, "हम पीछे नहीं हटेंगे. ऐसा नहीं है कि सौरभ और आशु जेल चले गए तो हम डर जाएंगे. हम डरेंगे नहीं, क्योंकि हम किसी गलत काम के लिए नहीं, बल्कि सही चीज के लिए लड़ रहे हैं."
‘महात्मा गांधी के रास्ते पर चलेंगे’
अभिजीत दिपके ने कहा कि सौरभ दास और आशुतोष ने गुस्से और नफरत के बजाय शांति और करुणा का रास्ता चुना है। उन्होंने दोनों की तुलना महात्मा गांधी के सत्याग्रह से करते हुए कहा कि जेल में रहने के बावजूद वे अपने सिद्धांतों पर कायम हैं।
दिपके ने कहा, "हमारे इमोशंस हमारी कमजोरी नहीं, हमारी ताकत हैं. हमारी ताकत प्यार, करुणा और एक-दूसरे के लिए खड़े रहने में है. हम संविधान और महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के मूल्यों पर चलते रहेंगे."
दिवाली परिवार के साथ मनाने की अपील
अभिजीत दिपके ने आखिर में सभी वॉलंटियर्स से दिवाली परिवार के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ दिन अपने परिवार और करीबियों के साथ बिताना जरूरी है, क्योंकि आंदोलन के पिछले दिनों का असर उनके परिवारों पर भी पड़ा है।
उन्होंने सौरभ दास और आशुतोष को याद रखने की भी अपील की। दिपके ने कहा कि आंदोलन से जुड़े कई ऐसे लोग भी हैं, जिनकी कहानियां खबरों में नहीं आतीं, लेकिन उन्होंने भी पिछले दिनों काफी मुश्किलों का सामना किया है।
दिवाली तक किसी प्रोटेस्ट की योजना नहीं होने की बात कहते हुए दिपके ने समर्थकों को परिवार के साथ समय बिताने का संदेश दिया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सौरभ और आशुतोष के जेल में होने से आंदोलन से जुड़े लोग पीछे नहीं हटेंगे।


