TRENDING TAGS :
पढ़ाई, फिल्म और कॉमेडी...CJP के कॉकरोच क्लब में युवाओं के लिए क्या है खास? सौरभ दास ने बताई अंदर की बात
Cockroach Club: आखिर क्या है CJP का कॉकरोच क्लब? सौरभ दास ने बताया इसका मकसद। जानिए युवाओं को यहां पढ़ाई, फिल्म स्क्रीनिंग, स्टैंडअप कॉमेडी और विचारों की चर्चा जैसी कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी।
Cockroach Club
Cockroach Club: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने युवाओं को आकर्षित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने 'कॉकरोच क्लब' की शुरुआत की है। इसको लेकर हर किसी के मन में यही सवाल था कि आखिर कॉकरोच क्लब क्या है और इसमें ऐसा क्या खास होगा। CJP के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरभ दास ने बताया है कि आखिर इस क्लब को शुरू करने के पीछे क्या सोच है और यहां युवाओं के लिए क्या-क्या खास होगा।
दिलचस्प बात यह है कि कॉकरोच क्लब सिर्फ राजनीतिक विचारों पर चर्चा करने का मंच नहीं होगा, बल्कि यहां पढ़ाई, फिल्म स्क्रीनिंग, मनोरंजन और स्टैंडअप कॉमेडी जैसी गतिविधियों की भी व्यवस्था होगी। पार्टी का दावा है कि यह युवाओं को अपनी बात रखने और स्वतंत्र रूप से सोचने का मौका देगा।
कॉकरोच क्लब से युवाओं को आकर्षित करना है मकसद
सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कॉकरोच क्लब के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह क्लब युवा पीढ़ी के लिए एक ऐसा मंच होगा, जहां वे एक साथ आकर अपने विचार साझा कर सकेंगे। यहां युवाओं को सवाल पूछने, नई चीजें सीखने और एक-दूसरे के नजरिए को समझने का अवसर मिलेगा।
सौरभ दास के मुताबिक, क्लब में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान विचारकों के विचारों पर लेक्चर और चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं को अलग-अलग विचारधाराओं और विचारकों को समझने का अवसर देना है।
फिल्म स्क्रीनिंग से लेकर स्टैंडअप कॉमेडी तक की सुविधा
कॉकरोच क्लब में युवाओं के मनोरंजन का भी ध्यान रखा जाएगा। सौरभ दास ने बताया कि यहां फिल्म स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी, ताकि युवाओं का नजरिया व्यापक हो सके। इसके अलावा पढ़ने-लिखने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक शांत जगह भी उपलब्ध कराने की योजना है। क्लब में लाइव परफॉर्मेंस और स्टैंडअप कॉमेडी जैसे कार्यक्रम भी होंगे। सौरभ दास का कहना है कि उनकी पीढ़ी के युवा केवल गंभीर चर्चाएं ही नहीं करना चाहते, बल्कि उन्हें हंसने-मुस्कुराने और मनोरंजन का मौका भी मिलना चाहिए।
अलग-अलग विचारों पर होगी बहस
सौरभ दास ने कॉकरोच क्लब की सबसे खास बात बताते हुए कहा कि यहां किसी पर अपनी राय या विचारधारा थोपने की कोशिश नहीं होगी। यह ऐसा मंच होगा जहां विचारों पर बहस होगी, अलग-अलग नजरियों को चुनौती दी जाएगी और स्वतंत्र सोच को प्रोत्साहित किया जाएगा। उनके मुताबिक, युवा सिर्फ दुनिया को जैसी वह अभी है, उसी रूप में समझने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि वे इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि भारत और दुनिया का भविष्य कैसा होना चाहिए। क्लब में युवा भारत को लेकर अपनी सोच और विचार विकसित कर सकेंगे।
पुणे से हुई शुरुआत, जल्द आएगा पहला एपिसोड
कॉकरोच क्लब की शुरुआत को लेकर CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की हैं। 22 नवंबर को सामने आई तस्वीरों में सौरभ दास और पार्टी के दूसरे सदस्य नजर आए। रांका ने संकेत दिया कि क्लब का पूरा एपिसोड जल्द सामने आएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्लब की शुरुआत महाराष्ट्र के पुणे से हुई है। इससे पहले आशुतोष रांका ने बताया था कि इस पहल के जरिए समान सोच रखने वाले लोग एक मंच पर आ सकेंगे और पार्टी अपने विचारों को आगे बढ़ा सकेगी। उन्होंने इस कॉन्सेप्ट को देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाने की उम्मीद भी जताई थी।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)?
कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP अपने आंदोलनों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा में रही है। पार्टी का नाम नीट पेपर लीक के मुद्दे पर हुए Gen Z आंदोलन के बाद सुर्खियों में आया था। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके हैं। सौरभ दास और आशुतोष रांका भी पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। कॉकरोच क्लब इसी पहल का नया विस्तार है। फिलहाल इसके कार्यक्रमों और दूसरे शहरों में विस्तार की पूरी समयसीमा सामने नहीं आई है। हालांकि, पार्टी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इसका उद्देश्य युवाओं के लिए चर्चा, अध्ययन और मनोरंजन का एक साझा मंच तैयार करना है


