CJP Jantar Mantar Protest: 'थाली-चम्मच लेकर आओ...', अभिजीत दीपक ने आंदोलन से पहले क्यों की ये अनोखी अपील?

CJP Jantar Mantar Protest: NEET पेपर लीक और देश की परीक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 20 Jun 2026 8:31 AM IST (Updated on: 20 Jun 2026 8:31 AM IST)
CJP Jantar Mantar Protest
X

CJP Jantar Mantar Protest

CJP Jantar Mantar Protest: NEET पेपर लीक और देश की परीक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने फिर दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि इस प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने युवाओं और समर्थकों से अपील की है कि वे हाथों में थाली और चम्मच लेकर जंतर-मंतर पहुंचें और आवाज बुलंद करें। यह प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहा है जब NEET परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को लेकर छात्रों और अभिभावकों में लगातार नाराजगी बनी हुई है।

थाली-चम्मच लेकर पहुंचने की अपील क्यों?

अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों से थाली और चम्मच साथ लाने का आग्रह किया है। उन्होंने इस अपील को कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से थाली बजाने की गई अपील से जोड़ते हुए कहा कि अब युवाओं को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग के लिए अपनी आवाज उठानी होगी। उनका कहना है कि यह प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन सरकार और संबंधित एजेंसियों का ध्यान छात्रों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास है।

दोपहर 1 बजे शुरू होगा प्रदर्शन

सीजेपी का दिल्ली में यह दूसरा बड़ा प्रदर्शन होगा। इससे पहले सीजेपी ने 6 जून को भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए थे। एक बार फिर शनिवार को दोपहर 1 बजे प्रदर्शन शुरू होगा। आयोजकों का दावा है कि इस बार भी हजारों लोगों के जुटने की संभावना है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्र और युवा कई महत्वपूर्ण मांगें उठा रहे हैं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख है। साथ ही NEET पेपर लीक और अन्य परीक्षा घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग भी की जा रही है। इसके अलावा संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री को एक खुला पत्र लिखकर परीक्षा विवादों और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

छात्रों की आत्महत्या पर जताई चिंता

अभिजीत दीपके का दावा है कि हाल के दिनों में कई छात्रों ने आत्महत्या की है, जिनमें पिछले कुछ दिनों के मामले भी शामिल हैं। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी के कारण छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों की गंभीर जांच कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। कॉकरोच जनता पार्टी का यह अभियान अब केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। संगठन पहले पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन कर चुका है।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story