TRENDING TAGS :
सौरभ दास को लंदन जाने से रोका तो मचा बवाल, नेपाल के पीएम तक पहुंची शिकायत
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया। TMC की सांसद ने इस मुद्दे को नेपाल के प्रधानमंत्री के सामने उठाया है।
Image Source – Social Media
Saurav Das Delhi Airport Matter: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सौरभ दास को लंदन जाने से पहले रोक लिया गया था। अब तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने इस मामले को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के सामने उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेपाली पीएम को टैग करते हुए सौरभ दास के साथ हुई घटना पर सवाल खड़े किए।
महुआ मोइत्रा ने बालेन्द्र शाह से की शिकायत
महुआ मोइत्रा ने बालेन्द्र शाह को टैग करते हुए लिखा कि एक तरफ भारत के प्रधानमंत्री उनसे करीबी संबंध बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जेन-जी नेता सौरभ दास को ऑक्सफोर्ड यूनियन में भाषण देने के लिए लंदन जाने से रोक दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सौरभ दास की मां नेपाली मूल की हैं और इसी वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है। महुआ ने बालेन शाह को याद दिलाया कि वह खुद युवाओं के आंदोलन के दम पर नेपाल के प्रधानमंत्री बने हैं। ऐसे में उन्हें भारत में युवाओं के साथ हो रहे व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए।
दिल्ली एयरपोर्ट पर सौरभ दास को रोका गया था
दरअसल सीजेपी नेता सौरभ दास सोमवार रात लंदन जाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें रात करीब एक बजे की फ्लाइट से रवाना होना था। सौरभ दास का दावा है कि एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है। इसके बाद उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया गया। सौरभ दास को ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनियन में आयोजित एक कार्यक्रम में कॉकरोच आंदोलन पर भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने एयरपोर्ट पर रोके जाने की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की थी।
पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी को लेकर विवाद
इस मामले में एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में खामियां पाए जाने के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO), चेन्नई की ओर से सौरभ दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने की वजह भी इसी जांच से जुड़ी बताई जा रही है। वहीं, एक कारोबारी ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर सौरभ दास और उनके माता-पिता की पृष्ठभूमि की जांच कराने की मांग की है। याचिका में उनके पूर्वजों के नेपाल से कथित संबंधों का भी जिक्र किया गया है।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। महुआ मोइत्रा की शिकायत के बाद यह प्रकरण भारत और नेपाल के राजनीतिक घटनाक्रम से भी जुड़ गया है।


