TRENDING TAGS :
अभिजीत दिपके की हिरासत के बाद क्या करेगी CJP? बता दिया अपने आगे का पूरा मास्टरप्लान
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचे CJP नेताओं अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने की खबर है।
CJP Protest: CJP ने आज 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट का एलान किया था। इसी प्रोटेस्ट के लिए आ रहे CJP के अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर प्लेन के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया। लेकिन इनकी हिरासत के बाद प्रोटेस्ट होंगे या नहीं, इसे लेकर सवाल खड़े हो गए। अब इसे लेकर CJP ने अपने आगे का प्लान बता दिया है।
CJP पार्टी ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नेताओं को हिरासत में लेने से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। CJP ने कहा कि वह अपने मुद्दों को लेकर अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन करती रहेगी और अपनी मांगों को जनता के सामने उठाती रहेगी। पार्टी ने साफ किया कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
विमान से ही हिरासत में लिए गए CJP के नेता
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। CJP के अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके विमान से ही हिरासत में लिए जाने की खबर है। इसके अलावा CJP की कानूनी टीम की हेड रत्ना सिंह, यूट्यूबर ध्रुव राठी और 400 से ज्यादा अन्य लोगों को भी हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है। प्रदर्शन के लिए पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं।
दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के गेट बंद
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का फैसला किया गया है। इनमें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इस फैसले से इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी। प्रशासन की ओर से ये कदम सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं।
250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द
दिल्ली में रेल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दी गई जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली 250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें दूसरे राज्यों से आने वाली ट्रेनें और लोकल ट्रेनें भी शामिल हैं। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी होगा।
जनपथ और कर्तव्य पथ के आसपास इंटरनेट बंद
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक लगाई है। जानकारी के अनुसार, जनपथ और कर्तव्य पथ के चौराहे से चार किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं। इस फैसले से संबंधित इलाके में मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल प्रभावित हो सकता है।
प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा सख्त
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद राजधानी में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही कई जगहों पर आवाजाही और संचार सेवाओं को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। प्रदर्शन से पहले नेताओं और समर्थकों को हिरासत में लिए जाने, मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने और ट्रेनों को रद्द करने जैसे कदमों से दिल्ली में जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।


