TRENDING TAGS :
'युवा आपको कभी माफ नहीं करेंगे...' परिसीमन बिल पर CJP की विपक्षी दलों को अल्टीमेटम
Saurabh Das Statement: परिसीमन विधेयक पर CJP नेता सौरभ दास ने बीजेपी पर विपक्ष को खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने गैर-NDA दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिल का समर्थन करने वालों को युवा पीढ़ी माफ नहीं करेगी।
Saurabh Das
Saurabh Das Statement: परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी नेता सौरभ दास ने परिसीमन आयोग को मिलने वाली असीमित शक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में लिए गए फैसलों को अदालत में चुनौती देने का रास्ता भी बंद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की पूरी कवायद विपक्ष को कमजोर करने और बीजेपी को चुनावी फायदा पहुंचाने के मकसद से की जा रही है। साथ ही उन्होंने गैर-एनडीए दलों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने इस विधेयक का समर्थन किया तो युवा पीढ़ी उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
परिसीमन आयोग की शक्तियों पर CJP ने उठाए सवाल
सौरभ दास ने परिसीमन विधेयक के प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि आयोग को दी जा रही शक्तियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। उनके मुताबिक, विधेयक के तहत आयोग द्वारा लिए गए फैसलों को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। ऐसे में अगर किसी राजनीतिक दल या नागरिक को चुनावी क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया में गड़बड़ी नजर आती है, तो उसके पास न्यायिक हस्तक्षेप का विकल्प भी नहीं होगा।
दास ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था का इस्तेमाल बीजेपी को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इसके जरिए देश में विपक्ष की भूमिका को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
'युवा आपको देख रहे हैं, धोखा दिया तो माफ नहीं करेंगे'
CJP नेता ने बीजेपी पर दूसरे दलों के सांसदों की खरीद-फरोख्त यानी हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप भी लगाया। उन्होंने विपक्षी दलों और सांसदों से परिसीमन विधेयक का खुलकर विरोध करने की अपील की। दास ने कहा कि विपक्षी पार्टियों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं के नेतृत्व में उठ रही आवाज को मजबूती दें, लेकिन कुछ गैर-एनडीए दल इस विधेयक का समर्थन करके सरकार की मदद कर रहे हैं।
उन्होंने ऐसे दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि CJP उन सभी राजनीतिक पार्टियों पर नजर रख रही है, जो इस विधेयक को पारित कराने में बीजेपी का साथ देंगी। उनके मुताबिक, देश के युवा भी इन दलों के फैसलों को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों से लोकतंत्र की रक्षा की उम्मीद की जाती है, लेकिन अगर किसी ने देश और लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ विश्वासघात किया तो आने वाली पीढ़ी उसे माफ नहीं करेगी।
महिला आरक्षण पर भी सरकार की मंशा पर सवाल
सौरभ दास ने स्पष्ट किया कि CJP महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है और संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का समर्थन करती है। हालांकि, उन्होंने परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर सरकार वास्तव में महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना चाहती है, तो मौजूदा लोकसभा सीटों के ढांचे में ही 33 प्रतिशत आरक्षण क्यों लागू नहीं किया जा रहा है?
दास ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को आगे रखकर सरकार परिसीमन के जरिए सत्ता में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।
लोकसभा सीटें बढ़ाने और महिला आरक्षण का प्रस्ताव
गौरतलब है कि केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी थी। इन विधेयकों को सोमवार को लोकसभा में पेश किए जाने का प्रस्ताव है। इनके तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रावधान बताया गया है।
इन प्रस्तावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद भी सामने आए हैं। तमिलनाडु में DMK और तेलंगाना में BRS जैसे दलों ने दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर संतोष जताते हुए प्रस्तावों का समर्थन किया है। वहीं, विपक्षी इंडिया गठबंधन इन विधेयकों का विरोध कर रहा है। गठबंधन की मांग है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों के ढांचे में ही लागू किया जाए।


