TRENDING TAGS :
फिर निकलेंगे कॉकरोच! 7 नवंबर को CJP का हुंकार, जानिए अब कहां गरजेंगे अभिजीत दीपके
Cockroach Janta Party ने SIR के खिलाफ अपना अभियान केरल तक पहुंचाने का ऐलान किया है।
CJP Protest: CJP ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके प्रदर्शन की जानकारी दी। पार्टी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में उसके संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ दक्षिण क्षेत्र के प्रमुख विजय मल्लांगी और राष्ट्रीय सचिव आफरीन नवाज भी शामिल हो सकते हैं। पार्टी इस प्रदर्शन के जरिए SIR के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी और मतदाता सूची में किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण को रद्द करने की मांग करेगी।
दिल्ली में जंतर-मंतर को लेकर पुलिस से हुआ था टकराव
कोच्चि में होने वाला यह प्रदर्शन ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है, जब पिछले कुछ समय से CJP के नेताओं और दिल्ली पुलिस के बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने को लेकर टकराव देखने को मिला है। पार्टी के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे।
पिछले महीने अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया था, जब वे बिना अनुमति जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने के फैसले पर भी विरोध
यह पूरा विवाद तब बढ़ा, जब सरकार ने जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया। इस फैसले के विरोध में आशुतोष रांका और सौरव दास वहां पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज लहराकर अपना विरोध जताया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें करीब एक सप्ताह जेल में रहना पड़ा।
बाद में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने लिखित आश्वासन देने के बाद उन्हें रिहा किया गया। इस आश्वासन में उन्होंने कहा था कि जब तक जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल का दर्जा वापस नहीं मिलता, तब तक वे वहां कोई प्रदर्शन आयोजित नहीं करेंगे।
तिरंगा कार्यक्रम के ऐलान पर दीपके भी हुए थे गिरफ्तार
अभिजीत दीपके को भी पिछले महीने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने उन्हें सशर्त जमानत पर रिहा कर दिया। जमानत की शर्तों में एक साल तक शांति भंग नहीं होने देने की जिम्मेदारी भी शामिल थी।
INDIA ब्लॉक की रैली को दिया था समर्थन, लेकिन शामिल नहीं हुई CJP
इससे पहले CJP ने 1 नवंबर को दिल्ली में INDIA ब्लॉक की ओर से निकाले गए मार्च को समर्थन देने की बात कही थी। हालांकि, राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में हुई इस रैली में पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया।
अब CJP ने दिल्ली के बाद केरल में SIR के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है। 7 नवंबर को कोच्चि में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को रद्द करने की मांग उठाएगी।


