Cockroach Janata Party का X अकाउंट बैन! इंस्टाग्राम पर 6 दिन में 1.26 करोड़ फॉलोअर्स जुटाकर CJP ने BJP को छोड़ा पीछे

CJP X Account Ban: चीफ जस्टिस सूर्यकांत के 'कॉकरोच' वाले बयान के विरोध में बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का X अकाउंट पर आज गुरुवार को बैन कर दिया गया है।

Priya Singh Bisen
Published on: 21 May 2026 1:50 PM IST (Updated on: 21 May 2026 2:09 PM IST)
CJP X Account Ban
X

CJP X Account Ban

CJP X Account Ban: देश में तेजी से बढ़ती जा रही बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी के मुद्दों के बीच इस वक़्त सोशल मीडिया पर उभरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब बड़ा राजनीतिक और डिजिटल चर्चा का विषय बन गई है। आज 21 मई गुरुवार को पार्टी के X अकॉउंट पर भारत में रोक लगा दी गई। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "जैसा सोचा था, वैसा ही हुआ।"


हालांकि X अकाउंट पर रोक लगने के बावजूद पार्टी की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ती साफ़ नज़र आ रही है। गुरुवार दोपहर करीब 12:55 बजे तक इंस्टाग्राम पर पार्टी के फॉलोअर्स की संख्या 1.26 करोड़ तक पहुंच गई। यह आंकड़ा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से लगभग डेढ़ गुना ज्यादा बताया है। इंस्टाग्राम पर बीजेपी के लगभग 87 लाख और कांग्रेस के लगभग 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

वहीं, X पर अकाउंट बैन होने से पहले पार्टी के लगभग 1 लाख 93 हजार फॉलोअर्स हो चुके थे। पार्टी का फिलहाल, फेसबुक पर कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है।

CJI के बयान के बाद ये बनी पार्टी


आपको बता दे, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत उस विवाद के बाद हुई, जिसमें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना "कॉकरोच" और “परजीवियों” से की थी। हालांकि, अगले ही दिन CJI ने अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनका बयान उन लोगों के लिए था, जो फर्जी डिग्रियों के माध्यम से पेशों में घुस आए हैं और उन्होंने आम युवाओं के लिए ऐसा नहीं कहा था।

लेकिन सोशल मीडिया पर यह मुद्दा इतनी तेजी से वायरल हो गया और इसी के बाद अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक डिजिटल राजनीतिक आंदोलन शुरू कर दिया।

क्या है पार्टी का नारा और LoGo

पार्टी ने अपना एक अनोखा नारा भी जारी किया है - "Secular, Socialist, Democratic, Lazy।" इसके साथ एक खास लोगो भी लॉन्च किया गया, जिसने लोगों का सोशल मीडिया पर खूब आकर्षित खींचा।

CJP का दावा है कि यह फिलहाल पारंपरिक चुनावी राजनीति से अधिक युवाओं के बीच राजनीतिक जागरूकता फैलाने का अभियान है।

पार्टी की सदस्यता के लिए रखीं ये 4 शर्तें

कॉकरोच जनता पार्टी ने सदस्यता के लिए चार अनोखी योग्यताएं भी तय की गयी हैं। इनमें सबसे पहले आपका 'बेरोजगार' होना, 'आलसी' स्वभाव का होना, ऑनलाइन रहने की लत और 'प्रोफेशनली भड़ास निकालने' की क्षमता शामिल है। यही कारण है कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।

पार्टी ने जारी किया 5 वादों वाला मैनिफेस्टो

CJP ने अपना मैनिफेस्टो भी जारी किया है, जिसमें कई विवादित और चर्चित वादे किए गए हैं। पार्टी का कहना है कि यदि वह सत्ता में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी मुख्य न्यायाधीश को राज्यसभा भेजने की परंपरा खत्म की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी ने चुनाव आयोग पर भी बेहद सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि यदि किसी वैध वोट को हटाया गया तो मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ UAPA के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

बता दे, महिलाओं के लिए संसद और कैबिनेट में 50% आरक्षण देने, बड़े उद्योगपतियों से जुड़े मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द करने और दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगाने जैसे वादे भी मैनिफेस्टो में शामिल हैं।

AAP से जुड़ चुके हैं संस्थापक अभिजीत


यह जानकारी भी सामने आ गई है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके फिलहाल अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं। वह साल 2020-2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

इंटरव्यू के दौरान अभिजीत ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर CJI के कथित बयान को देखा और उसी दौरान उनके मन में यह विचार आया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पूछा कि “यदि सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा?”, तब बड़ी संख्या में युवाओं ने साथ आने की बात कही और वहीं से इस पार्टी की शुरुआत हुई।

कॉकरोच ड्रेस पहनकर चला सफाई अभियान


दिल्ली में हाल ही में कुछ लोग कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई करते भी दिखाई दिए। इसे पार्टी समर्थकों ने प्रतीकात्मक अभियान बताया। समर्थकों का कहना है कि उनका मकसद युवाओं की नाराजगी और व्यवस्था के प्रति असंतोष को रचनात्मक तरीके से सामने लाना है।

युवाओं के 'गुस्से' का प्रतीक बन रही CJP

इसे लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ केवल एक मजाकिया डिजिटल ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं की बढ़ती नाराजगी का प्रतीक बनती जा रही है। बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी, पेपर लीक और सीमित अवसरों ने युवाओं में गहरा असंतोष पैदा किया है। यही सबसे बड़ा कारण है कि सोशल मीडिया पर यह अभियान तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों युवा इससे जुड़ते साफ़ नज़र आ रहे हैं।


Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Content Writer

Next Story