TRENDING TAGS :
कांग्रेस को चंदा देने वालों ने क्यों खींचे हाथ? 3 साल में सबसे कम मिले 131 करोड़; 75% की भारी गिरावट
Congress Donation: कांग्रेस को 2025-26 में सिर्फ 130.7 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जो पिछले साल के 517.4 करोड़ रुपये से 75% कम है। जानिए प्रूडेंट ट्रस्ट समेत किसने कितना दिया चंदा।
Image Source – Social Media
Congress Donation: देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कांग्रेस को 75 फीसदी कम चंदा मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके चंदे में कितनी कमी आई है। वित्त वर्ष 2025-26 में पार्टी को 20 हजार रुपये से अधिक के कुल 130.7 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। यह पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में मिले 517.4 करोड़ रुपये से काफी कम है। पिछले तीन वर्षों में कांग्रेस को मिला यह सबसे कम चंदा है। चुनाव आयोग को सौंपी गई पार्टी की योगदान रिपोर्ट से यह जानकारी सामने आई है।
517 करोड़ से घटकर 130 करोड़ पर पहुंचा चंदा
कांग्रेस को वित्त वर्ष 2024-25 में 20 हजार रुपये से अधिक के योगदान के रूप में 517.4 करोड़ रुपये मिले थे। लेकिन 2025-26 में यह आंकड़ा घटकर महज 130.7 करोड़ रुपये रह गया। यानी एक साल के भीतर पार्टी को मिलने वाले चंदे में करीब 386.7 करोड़ रुपये की कमी आई है। दिलचस्प बात यह है कि 2025-26 में मिला चंदा वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले भी करीब 53 फीसदी कम है। 2024-25 लोकसभा चुनाव का साल था, ऐसे में उस दौरान पार्टी को मिलने वाले चंदे में 84 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से भी घटा योगदान
कांग्रेस को चंदा देने वालों में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट सबसे बड़ा संस्थागत योगदानकर्ता रहा। हालांकि, इस ट्रस्ट की तरफ से मिलने वाली रकम में भी भारी गिरावट आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने कांग्रेस को 25 करोड़ रुपये दिए। यह पार्टी को मिले कुल चंदे का करीब 19 फीसदी है। वहीं, 2024-25 में इस ट्रस्ट ने कांग्रेस को 216 करोड़ रुपये दिए थे, जो उस साल पार्टी के कुल योगदान का 41.8 फीसदी था। इस तरह एक साल में प्रूडेंट ट्रस्ट से मिलने वाले चंदे में करीब 88.5 फीसदी की गिरावट आई है।
इन कंपनियों और कारोबारियों ने भी दिया चंदा
कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट में पार्टी को चंदा देने वाले प्रमुख दानदाताओं का भी जिक्र किया गया है। इनमें कई कंपनियां और कारोबारी शामिल हैं।
प्रमुख योगदानकर्ताओं की सूची इस प्रकार है:
• प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट – 25 करोड़ रुपये
• स्टार सीमेंट लिमिटेड – 5 करोड़ रुपये
• सज्जन भजनका – 4 करोड़ रुपये
• अफनान कंस्ट्रक्शंस – 3 करोड़ रुपये
• प्रेम कुमार भजनका – 2 करोड़ रुपये
• इप्सम प्रोएडवाइजर्स – 1 करोड़ रुपये
• एसएमएस बिल्डर्स – 1 करोड़ रुपये
रिपोर्ट के मुताबिक, एक करोड़ रुपये या उससे अधिक के सिर्फ नौ योगदानों से कांग्रेस को कुल 43 करोड़ रुपये मिले। यह पार्टी को मिले कुल चंदे का करीब एक-तिहाई हिस्सा है।
छोटे दानदाताओं ने भी दिया बड़ा योगदान
कांग्रेस को केवल बड़े कारोबारियों और संस्थागत दानदाताओं से ही नहीं, बल्कि छोटे दानदाताओं से भी पैसा मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, पांच लाख रुपये या उससे कम के कुल 1,321 योगदानों के जरिए पार्टी को 37.2 करोड़ रुपये मिले। यह कुल चंदे का करीब 28.5 फीसदी है। रिपोर्ट में दर्ज कुल 1,735 योगदानों की औसत मध्य राशि यानी मीडियन योगदान तीन लाख रुपये बताई गई है।
लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की फंडिंग में आई कमी
वित्त वर्ष 2024-25 में लोकसभा चुनाव हुए थे। चुनावी साल होने की वजह से राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे में बढ़ोतरी देखी गई थी। कांग्रेस को भी उस दौरान बड़ी रकम मिली थी। हालांकि, 2025-26 में बिहार विधानसभा चुनाव और असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल तथा पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों से पहले की राजनीतिक गतिविधियों के बावजूद पार्टी के चंदे में भारी गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल इस गिरावट के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


