TRENDING TAGS :
एकतरफा प्यार में ‘हैवान’ बना पार्षद का बेटा! बात नहीं की तो छात्रा को बीच सड़क जिंदा जलाया, मदद को 100 फीट भागती रही
Patna Crime News: NEET गर्ल्स हॉस्टल प्रकरण से उबर भी नहीं पाई थी कि अब एक पार्षद के बेटे द्वारा 10वीं की छात्रा को जिंदा जलाए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
Patna Crime News
Patna Crime News: पटना में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पहले से सवालों के घेरे में खड़ी पुलिस के सामने एक और सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। NEET गर्ल्स हॉस्टल प्रकरण से उबर भी नहीं पाई थी कि अब एक पार्षद के बेटे द्वारा 10वीं की छात्रा को जिंदा जलाए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। यह खौफनाक वारदात गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गांव की है, जहां एक नाबालिग छात्रा को सिर्फ इसलिए आग के हवाले कर दिया गया क्योंकि उसने आरोपी से बात करने से इनकार कर दिया था।
घटना 17 जनवरी की शाम की बताई जा रही है। छात्रा अपने पिता की मजदूरी की रकम लेकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपी आदित्य कुमार ने उसे रोक लिया। आदित्य काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और उस पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। छात्रा द्वारा साफ इनकार किए जाने पर दोनों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने बोतल में भरा पेट्रोल छात्रा पर उड़ेल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया।
आग की लपटों में घिरी छात्रा करीब 100 फीट तक मदद के लिए दौड़ती रही। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी आदित्य कुमार लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था। वह उसे बदनाम करने के लिए उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी देता था। छात्रा के पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं, ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतनी बेरहमी से वारदात को अंजाम देगा।
छात्रा की मौत के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी भले ही एक पार्षद का बेटा हो, लेकिन कानून के मुताबिक उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।


