×

Prithvi Shaw Case: क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से हाथापाई करने वाली सपना गिल को मिली राहत, कोर्ट ने दी जमानत

Prithvi Shaw Case: मुंबई के एक होटल के बाहर क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से हाथापाई करने वाली एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल को अदालत से जमानत मिल गई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Feb 2023 2:33 PM GMT
Court grants bail to Sapna Gill who had a scuffle with cricketer Prithvi Shaw
X

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से हाथापाई करने वाली सपना गिल को मिली राहत, कोर्ट ने दी जमानत: Photo- Social Media

Prithvi Shaw Case: मुंबई के एक होटल के बाहर क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से हाथापाई करने वाली एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल को बड़ी राहत मिली है। गिल को मुंबई की एक कोर्ट ने जमानत दे दी है, जिसके बाद उसके रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। अभी पिछले दिनों ही इस मामले में अदालत ने सपना गिल को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था। अदालत से सपना के अलावा अन्य तीन आरोपियों को भी जमानत मिल गई है।

घटना के दौरान पृथ्वी शॉ के साथ मौजूद उनके साथ आशीष यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। यादव ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था। जिसके बाद ओशिवारा पुलिस ने सपना गिल समेत 7 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। सपना का क्रिकेटर के साथ होटल के बाहर हाथापाई करने का एक वीडियो भी वायरल हुआ था।

कैसे शुरू हुआ विवाद ?

15 फरवरी को क्रिकेटर पृथ्वी शॉ अपने दोस्त आशीष यादव के साथ सांताक्रुज डिनर करने के लिए गए हुए थे। वहां पर सपना गिल पहले से ही अपने कुछ दोस्तों के साथ मौजूद थीं और पार्टी कर रही थीं। पृथ्वी शॉ को देखकर सपना अपने दोस्तों के साथ वहां आईं और उनके साथ सेल्फी लेने की जिद करने लगी। शॉ के मना करने पर सपना और उनके दोस्त नाराज हो गए।

क्रिकेटर ने सपना और उनके दोस्तों को मैनेजर से कहकर होटल से बाहर करवा दिया। जिसके बाद सपना और उसके दोस्त होटल के बाहर शॉ के निकलने का इंतजार करने लगे। पृथ्वी शॉ के बाहर आते ही सपना और उसके दोस्तों ने बवाल करना शुरू कर दिया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया,जिसमें सपना शॉ के साथ हाथापाई करती नजर आ रही हैं।

बता दें कि सपना गिल चंडीगढ़ की रहने वाली हैं। वह एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। इसके अलावा उसने कुछ भोजपुरी फिल्मों में काम भी किया है। सोशल मीडिया पर सपना के 2 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story