समंदर में उठा खौफनाक तूफान, अब तटों पर मचेगा हाहाकार! 110 KM की रफ्तार से टकराएगा अकवान

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान ने अपना रास्ता बदल लिया है। 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों के बीच लैंडफॉल की आशंका है।

Shalni Kumari
Published on: 19 Nov 2026 10:56 AM IST
Cyclone Akvan
X

Cyclone Akvan

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान लगातार अपना रुख बदल रहा है। इसके रास्ते में आए बदलाव ने तटीय इलाकों की चिंता बढ़ा दी है। पहले इसके आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर से विशाखापत्तनम के बीच पहुंचने का अनुमान था, लेकिन अब मौसम विभाग ने संभावित लैंडफॉल का दायरा उत्तर की ओर बढ़ाते हुए आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 19 नवंबर तड़के जारी बुलेटिन के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच तट पार कर सकता है।

अब कहां होगा तूफान अकवान का लैंडफॉल?

IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अकवान के उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को प्रभावित करने की आशंका है। इसके नरसापुर और पुरी के बीच 20 नवंबर दोपहर तक तट पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बंगाल की खाड़ी में कहां है तूफान अकवान?

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह 2:30 बजे अकवान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद था। यह पिछले छह घंटों के दौरान करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ा। उस समय यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 470 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के पुरी से करीब 640 किलोमीटर दक्षिण में था।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

अकवान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। IMD ने 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। दक्षिण ओडिशा में भी अत्यंत भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

इसके अलावा 20 नवंबर को तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में और 20-21 नवंबर को झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में भी 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।

समुद्र में ऊंची लहरें, तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा

तूफान के चलते समुद्र की स्थिति भी खतरनाक हो सकती है। IMD ने उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास समुद्र की स्थिति 20 नवंबर को लैंडफॉल तक बेहद खराब रहने की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम जिलों के निचले इलाकों के साथ दक्षिणी तटीय ओडिशा के गंजाम और पुरी में समुद्री जलभराव का खतरा है। यहां सामान्य ज्वार से करीब 0.5 से 1 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story