एक महीने में तीसरा चक्रवात! अकवान के पीछे अल नीनो का कनेक्शन, क्या फिर होगी भारी तबाही? यूपी-बिहार-दिल्ली में मौसम का हाल

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान सिर्फ 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका है।

Sachin Singh
Published on: 18 Nov 2026 4:07 PM IST (Updated on: 18 Nov 2026 4:07 PM IST)
एक महीने में तीसरा चक्रवात! अकवान के पीछे अल नीनो का कनेक्शन, क्या फिर होगी भारी तबाही? यूपी-बिहार-दिल्ली में मौसम का हाल
X

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान (Cyclone Akvan) फिलहाल बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, इसकी गति महज 3 किलोमीटर प्रति घंटा है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के 20 नवंबर, शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इसके खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के साथ तेलंगाना और ओडिशा में भी अलर्ट जारी किया गया है।

आमतौर पर चक्रवात की चर्चा उसकी हवा की रफ्तार और ताकत के आधार पर होती है, लेकिन अकवान की धीमी चाल ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या किसी चक्रवात का धीरे-धीरे आगे बढ़ना भी बड़े खतरे की वजह बन सकता है? वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि चक्रवात की गति का असर सिर्फ उसकी दिशा और पहुंच पर नहीं, बल्कि बारिश और बाढ़ के खतरे पर भी पड़ सकता है।

धीमी रफ्तार से बढ़ने वाले चक्रवात ज्यादा बारिश क्यों करा सकते हैं?

चक्रवात की गति और उससे होने वाली बारिश के संबंध को समझने के लिए साल 2021 में Journal of Hydrometeorology में एक शोध प्रकाशित हुआ था। इसमें 2010 से 2019 के बीच तट से टकराने वाले 280 उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का अध्ययन किया गया। शोध में सामने आया कि चक्रवात जितनी धीमी गति से आगे बढ़ता है, उससे जुड़े इलाकों में बारिश का कुल आंकड़ा उतना ही ज्यादा हो सकता है।

इसकी वजह यह है कि जब कोई चक्रवात धीरे-धीरे आगे बढ़ता है, तो उसके बारिश वाले बादल और सिस्टम लंबे समय तक एक ही इलाके को प्रभावित करते रहते हैं। ऐसे में लगातार बारिश से जमीन पर पानी जमा होने लगता है और नदियों में जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।

तेज रफ्तार वाले चक्रवातों में बारिश की दर ज्यादा

साल 2022 में Nature Communications में प्रकाशित एक दूसरे अध्ययन ने चक्रवात की गति और बारिश को लेकर एक अलग पहलू सामने रखा। इस शोध में 2001 से 2020 तक के सैटेलाइट से मिले बारिश के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि तेज गति से आगे बढ़ने वाले चक्रवातों के भीतर औसतन बारिश की दर धीमी गति वाले चक्रवातों के मुकाबले करीब 24 फीसदी ज्यादा थी। सबसे शक्तिशाली चक्रवातों में यह अंतर और भी अधिक देखा गया।

एक के बाद एक तीन चक्रवाती सिस्टम बनने से बढ़ी चिंता

अकवान को लेकर मौसम वैज्ञानिकों की चिंता सिर्फ इसकी धीमी रफ्तार तक सीमित नहीं है। इसकी बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में कम समय के भीतर लगातार तीन चक्रवाती सिस्टम का बनना है। इससे पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब (Cyclone Arnab) ने नरसापुर के पास आंध्र प्रदेश-यानम तट को पार किया था। इसके बाद 3 नवंबर को चक्रवात मुरासु (Cyclone Murasu) ने ओंगोल के पास दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दी। अब अकवान के आने की आशंका है। यानी कुछ ही समय के भीतर इस क्षेत्र में तीसरे चक्रवात का खतरा पैदा हो गया है।

आमतौर पर अक्टूबर से दिसंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने के लिए अनुकूल परिस्थितियां रहती हैं। लेकिन इतने कम समय में लगातार तीन चक्रवाती तूफानों का बनना समुद्र में बढ़ी गर्मी और अल नीनो (El Nino) के प्रभाव की ओर इशारा करता है। समुद्र के पानी में मौजूद अतिरिक्त गर्मी चक्रवातों को ऊर्जा देने में मदद कर सकती है। ऐसे में लगातार बन रहे चक्रवाती सिस्टम को मौसम के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

अल नीनो का असर दिसंबर तक सबसे मजबूत स्तर पर पहुंचने की आशंका

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के मुताबिक, अल नीनो का गर्म प्रभाव अगस्त से और मजबूत हुआ है और इसके दिसंबर तक अपने सबसे मजबूत स्तर पर पहुंचने की आशंका है। अल नीनो की स्थिति में समुद्र के तापमान और मौसम के पैटर्न में बदलाव आता है, जिसका असर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में मौसम पर पड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में लगातार चक्रवाती सिस्टम बनने के पीछे समुद्र की गर्मी और अल नीनो के प्रभाव को भी एक वजह माना जा रहा है।

दिल्ली-NCR में कोहरे का अलर्ट

दिल्ली-NCR में 18 नवंबर को मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह और शाम के समय धुंध छाई रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 22 नवंबर के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने से हल्की राहत मिलेगी। फिलहाल चक्रवात अकवान का दिल्ली के मौसम पर सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है।

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ सकता है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 और 22 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को सुबह और रात के समय मौसम में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है।

बिहार में भी छिटपुट बारिश के आसार

बिहार की बात करें तो यहां फिलहाल बड़े पैमाने पर बारिश का कोई संकेत नहीं है, लेकिन 21 और 22 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास बढ़ सकता है। वहीं, चक्रवात अकवान का मुख्य असर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में रहने का अनुमान है। फिलहाल दिल्ली, यूपी और बिहार में इसके सीधे प्रभाव से भारी बारिश की आशंका नहीं जताई गई है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story