तबाही को मूड में चक्रवात 'अकवन'! 80000 लोगों का रेस्क्यू, सभी स्कूल बंद, 9 राज्यों में अलर्ट, यूपी-बिहार-दिल्ली में मौसम का हाल

चक्रवात अकवन के खतरे को देखते हुए ओडिशा में 80 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

Sachin Singh
Published on: 19 Nov 2026 4:29 PM IST (Updated on: 19 Nov 2026 4:30 PM IST)
तबाही को मूड में चक्रवात अकवन! 80000 लोगों का रेस्क्यू, सभी स्कूल बंद, 9 राज्यों में अलर्ट, यूपी-बिहार-दिल्ली में मौसम का हाल
X

Cyclone Akvan: देश के पूर्वी हिस्से में चक्रवात 'अकवन' (Akvan) को लेकर खतरा बढ़ता जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में उठा यह गंभीर चक्रवाती तूफान ओडिशा के तट की तरफ बढ़ रहा है। तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब तक 80 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि राहत और बचाव के लिए 74 टीमें तैनात की गई हैं। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ओडिशा के छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

ओडिशा में सबसे ज्यादा असर, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी खतरा

चक्रवात का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। IMD के 19 नवंबर के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर को दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व में तट से टकरा सकता है। इसके दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ इलाकों में 21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। गंजाम और पुरी के निचले इलाकों में समुद्र का पानी घुसने का भी खतरा है। आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय जिलों में 19 नवंबर को अत्यधिक भारी बारिश और 20 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है। यहां श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी के निचले इलाकों में समुद्र का पानी भरने की आशंका जताई गई है।

इन राज्यों तक पहुंचेगा चक्रवात का असर

चक्रवात का असर सिर्फ ओडिशा और आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहने वाला है। IMD के मुताबिक, तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है, जबकि छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 से 21 नवंबर तक व्यापक बारिश हो सकती है। यहां कुछ जगह भारी से बहुत भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। झारखंड में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश का दौर रहेगा। दक्षिणी झारखंड में 20 नवंबर को कुछ जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

यूपी में 21 नवंबर को गरज-चमक की संभावना

उत्तर प्रदेश में चक्रवात का सीधा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश जैसा रहने का अनुमान नहीं है, लेकिन मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, पूर्वी यूपी में 19 नवंबर को कई जगह घना से बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। बलिया, आजमगढ़ और अयोध्या में विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम रही। 21 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 22 और 23 नवंबर को पूर्वी यूपी में फिर घने कोहरे का अलर्ट है। पश्चिमी यूपी में 21 से 23 नवंबर के बीच घना कोहरा छाने की आशंका है। यानी प्रदेश में फिलहाल बारिश से ज्यादा चिंता कोहरे और कम दृश्यता को लेकर है।

बिहार में बारिश और तेज हवाओं के आसार

बिहार में चक्रवात अकवन का असर 21 नवंबर से दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग ने खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी बिहार में कुछ जगह भारी बारिश की संभावना जताई है। राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को बिहार में कुछ जगह गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, बिहार के लिए ओडिशा और आंध्र प्रदेश जैसी गंभीर चक्रवाती स्थिति या तेज तूफानी हवाओं का अनुमान नहीं है।

दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

दिल्ली-NCR में चक्रवात अकवन का सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है। यहां अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक, 20 से 22 नवंबर तक सुबह के समय कई जगह घना कोहरा छा सकता है। 20 नवंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 21 नवंबर को न्यूनतम तापमान बढ़कर 13 से 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। 22 नवंबर को भी सुबह धुंध और हल्का से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। ऐसे में दिल्ली में बारिश या तूफानी हवाओं के बजाय सुबह के समय कम दृश्यता और यातायात पर असर पड़ने की आशंका ज्यादा है।

ओडिशा में 80 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, 74 टीमें तैनात

चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। सरकार ने 2 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से अब तक 80 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला जा चुका है। गंजाम जिले में सबसे ज्यादा तैयारियां की गई हैं। यहां 36,398 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और 308 राहत शिविर शुरू किए गए हैं। इन शिविरों में लोगों के लिए मुफ्त खाने की व्यवस्था भी की गई है। गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने NDRF, ODRAF और फायर सर्विस की टीमें तैनात की हैं। इसके अलावा कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर विशाखापत्तनम और कोरापुट के बीच चलने वाली दो ट्रेनें भी रद्द की गई हैं।

चक्रवात से किन राज्यों में कितना असर?

  • ओडिशा: 19-20 नवंबर को भारी से अत्यधिक भारी बारिश, 70-90 किमी/घंटे तक तूफानी झोंके
  • आंध्र प्रदेश: तटीय इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश, 90-110 किमी/घंटे तक हवाएं
  • तेलंगाना: 20-21 नवंबर को बारिश
  • छत्तीसगढ़: 20-21 नवंबर को बारिश, कुछ जगह भारी बारिश
  • पश्चिम बंगाल: 19-21 नवंबर तक बारिश, कुछ जगह बहुत भारी बारिश
  • झारखंड: 19-21 नवंबर तक बारिश, 20 नवंबर को कुछ जगह बहुत भारी बारिश
  • बिहार: 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश
  • उत्तर प्रदेश: पूर्वी हिस्सों में 21 नवंबर को गरज-चमक, इसके अलावा कोहरे का असर
  • दिल्ली: 20-22 नवंबर तक सुबह घना कोहरा, बारिश की संभावना नहीं

कुल मिलाकर, चक्रवात अकवन का सबसे गंभीर असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में पड़ने की आशंका है। इसके बाद तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं यूपी, बिहार और दिल्ली में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। यहां चक्रवात की सीधी मार के बजाय बारिश, गरज-चमक और कोहरे की स्थिति पर नजर रहेगी।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story