दतिया उपचुनाव में गजब ट्विस्ट! उद्धव ठाकरे बने BJP के लिए नया सिरदर्द, नरोत्तम मिश्रा को दिया खुला ऑफर

Uddhav Thackeray Offer to Narottam Mishra: दतिया उपचुनाव में बड़ा सियासी मोड़। बीजेपी से टिकट कटने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा को शिवसेना (यूबीटी) ने चुनाव लड़ने का खुला ऑफर दिया। उद्धव ठाकरे के प्रचार करने की भी घोषणा कर दी है ।

Harsh Srivastava
Published on: 11 July 2026 10:17 PM IST (Updated on: 11 July 2026 10:18 PM IST)
दतिया उपचुनाव में गजब ट्विस्ट! उद्धव ठाकरे बने BJP के लिए नया सिरदर्द, नरोत्तम मिश्रा को दिया खुला ऑफर
X

Uddhav Thackeray Offer to Narottam Mishra: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा अपने कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटने के बाद अब एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इस महा-मुकाबले में अब महाराष्ट्र की राजनीति की एंट्री हो गई है। शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) ने बीजेपी से नाराज चल रहे नरोत्तम मिश्रा को अपनी पार्टी की तरफ से दतिया सीट पर चुनाव लड़ने का एक बहुत बड़ा और खुला ऑफर दे दिया है।

ठाकरे खुद करेंगे चुनाव प्रचार

शिवसेना (यूबीटी) के मध्य प्रदेश अध्यक्ष सुनील शर्मा ने इस चौंकाने वाले ऑफर का खुलासा किया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर नरोत्तम मिश्रा उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं, तो पार्टी के मुख्य मुखिया और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे खुद मध्य प्रदेश आएंगे। उनके साथ आदित्य ठाकरे और शिवसेना के तमाम बड़े स्टार प्रचारक दतिया की सड़कों पर उतरकर नरोत्तम मिश्रा के लिए भारी चुनाव प्रचार (कैंपेन) करेंगे। सुनील शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने आलाकमान से पूरी चर्चा करने के बाद ही मिश्रा को यह न्योता भेजा है और इसका एक वीडियो मैसेज भी सोशल मीडिया पर जारी कर दिया है।

समर्थकों का फूटा गुस्सा

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही दतिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। जैसे ही समर्थकों को पता चला कि उनके नेता को दरकिनार कर दिया गया है, उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की देर रात और शनिवार की सुबह दतिया में कई जगहों पर चक्काजाम कर दिया और जमकर पथराव किया। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की हिंसक झड़पें भी हुईं। शहर की कानून-व्यवस्था को बिगड़ता देख प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए पूरे इलाके में धारा 163 लागू कर दी है।

क्या बोले नरोत्तम मिश्रा?

इस पूरे सियासी बवाल और बगावत की खबरों के बीच खुद पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि वे टिकट न मिलने से बिल्कुल भी दुखी या परेशान नहीं हैं। मिश्रा ने कहा कि राजनीति में टिकट की उम्मीद तो हर कोई करता है, लेकिन पार्टी ने उन्हें पहले ही बहुत कुछ दिया है। उन्होंने सकारात्मक अंदाज में कहा कि जो भी होगा, आगे अच्छा ही होगा।

नहीं बदलेगा बीजेपी का फैसला

उधर, दतिया में मचे इस भयंकर गदर के बीच बीजेपी के कद्दावर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साफ कर दिया है कि पार्टी अपने फैसले से पीछे नहीं हटने वाली। उन्होंने शनिवार को दो टूक शब्दों में कहा कि बीजेपी में एक बार टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की कोई परंपरा नहीं रही है। चुनाव की तैयारी बहुत से लोग करते हैं, लेकिन टिकट किसी एक को ही मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन का फैसला सबसे ऊपर है और सभी कार्यकर्ता इसका पालन करेंगे।

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Content Writer Mail ID - harshsri764@gmail.comharshsri764@gmail.com

हर्ष श्रीवास्तव वाराणसी के रहने वाले पत्रकार और डिजिटल कंटेंट प्रोफेशनल हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित न्यूज़ट्रैक में डेस्क इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। यहां वे कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल कोऑर्डिनेशन, न्यूज़रूम संचालन के साथ-साथ रिसर्च आधारित एक्सप्लेनर, न्यूज़ फीचर और विश्लेषणात्मक लेख तैयार करते हैं। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है। उन्होंने वर्ष 2023 में पत्रकारिता की शुरुआत की और हिन्दुस्तान, टाइम्स इंटरनेट, इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वाराणसी, दिल्ली और लखनऊ में काम करने के दौरान उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव प्राप्त हुआ। हर्ष की विशेष रुचि राजनीति, चुनाव, अपराध, सार्वजनिक नीति, सुशासन और समसामयिक विषयों पर शोध-आधारित पत्रकारिता में है। वे गहन रिसर्च, फैक्ट-चेकिंग और सरल भाषा के माध्यम से जटिल विषयों को पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

Next Story