साल के आखिरी महीने में बैंकिंग काम पर ब्रेक! दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक, नोट कर लें ये तारीखें

December Bank Holidays 2026: दिसंबर 2026 में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण कई दिन बैंक बंद रहेंगे। 25 से 27 दिसंबर तक लगातार तीन दिन देशभर में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। जानिए राज्यवार छुट्टियों की पूरी लिस्ट।

Shalni Kumari
Published on: 28 Nov 2026 1:02 PM IST
RBI Holiday List 2026
X

Bank Holiday List December 2026

December Bank Holidays 2026: दिसंबर में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाना है तो तारीखों का हिसाब पहले ही लगा लें। साल के आखिरी महीने में अलग-अलग त्योहारों, क्षेत्रीय आयोजनों और साप्ताहिक अवकाश के चलते कई दिन बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की बैंक हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, दिसंबर में कुछ छुट्टियां पूरे देश में लागू होंगी, जबकि कई राज्यों में स्थानीय त्योहारों और खास अवसरों के कारण बैंक बंद रहेंगे। खास बात यह है कि महीने के आखिरी सप्ताह में क्रिसमस और वीकेंड के चलते लगातार तीन दिन बैंक शाखाओं में ताला रहेगा। ऐसे में बैंक जाने से पहले छुट्टियों की पूरी सूची देख लेना जरूरी है।

1 दिसंबर से ही शुरू हो जाएंगी बैंक की छुट्टियां

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही कुछ राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 1 दिसंबर को अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में Indigenous Faith Day और State Inauguration Day के अवसर पर बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। इसके बाद 3 दिसंबर को गोवा में सेंट फ्रांसिस जेवियर के पर्व के कारण बैंक बंद रहेंगे।

वहीं, 6 दिसंबर को रविवार होने की वजह से देशभर में बैंक शाखाओं में साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में स्थानीय पर्व और विशेष अवसरों के चलते छुट्टियां पड़ेंगी।

सिक्किम में लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक

दिसंबर के दूसरे सप्ताह में सिक्किम के लोगों को बैंकिंग कामकाज के लिए छुट्टियों का ध्यान रखना होगा। यहां 9, 10 और 11 दिसंबर को लोसूंग/नामसूंग त्योहार के कारण लगातार तीन दिन बैंक बंद रहेंगे।

12 दिसंबर को मेघालय में पा तोगन नेंगमिन्जा संगमा की पुण्यतिथि के अवसर पर बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। यह महीने का दूसरा शनिवार भी है, इसलिए देश के सभी राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन यानी 13 दिसंबर को रविवार होने के कारण फिर साप्ताहिक अवकाश रहेगा।

इसके बाद 18 दिसंबर को मेघालय में यू सोसो थाम की पुण्यतिथि पर बैंक बंद रहेंगे। वहीं, 19 दिसंबर को गोवा मुक्ति दिवस के अवसर पर गोवा में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी। 20 दिसंबर को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

क्रिसमस पर पूरे देश में बंद रहेंगे बैंक

दिसंबर के आखिरी सप्ताह में क्रिसमस के कारण बैंकिंग सेवाओं पर छुट्टियों का असर दिखाई देगा। 24 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर मिजोरम, नागालैंड और मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन यानी 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर देशभर की बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी।

26 दिसंबर को नागालैंड और मेघालय में क्रिसमस के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन महीने का चौथा शनिवार भी है, इसलिए देश के अन्य हिस्सों में भी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 30 दिसंबर को मेघालय में यू कियांग नांगबाह की पुण्यतिथि और 31 दिसंबर को मिजोरम में नए साल की पूर्व संध्या के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।

दिसंबर में लगातार तीन दिन कब बंद रहेंगे बैंक?

दिसंबर के आखिरी सप्ताह में बैंक जाने की योजना बना रहे लोगों को खास तौर पर 25, 26 और 27 दिसंबर की तारीखें याद रखनी चाहिए। क्रिसमस 25 दिसंबर को शुक्रवार के दिन पड़ रहा है। इसके बाद 26 दिसंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 दिसंबर को रविवार है। इस वजह से देशभर में बैंक शाखाएं लगातार तीन दिन बंद रहेंगी।

पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में यह छुट्टी 24 दिसंबर से ही शुरू हो जाएगी। इसलिए बैंक से जुड़ा जरूरी काम आखिरी सप्ताह तक टालने के बजाय पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story