TRENDING TAGS :
Deepak Singla Arrested: गोवा और दिल्ली में घंटों चली छापेमारी के बाद ईडी का ऐक्शन, आप नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार
Deepak Singla Arrested: आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला को ईडी ने कथित बैंक लोन फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया। दिल्ली और गोवा में घंटों चली छापेमारी के बाद कार्रवाई हुई। आप ने इसे चुनावी बदले की राजनीति बताया।
Image Source- Ai
Deepak Singla Arrested: आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को दिल्ली और गोवा में कई ठिकानों पर घंटों तक चली छापेमारी और पूछताछ के बाद ईडी की टीम ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला कथित बैंक लोन फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस से जुड़ा हुआ है। यहां आज सुबह से ही ईडी की टीमें दिल्ली और गोवा में सक्रिय नजर आईं। जिस दौरान कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई और लंबे समय तक दस्तावेजों की जांच और पूछताछ का दौर चलता रहा। इसके बाद देर तक चली पूछताछ के बाद दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विश्वास नगर से लड़ चुके हैं चुनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपक सिंगला दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। पार्टी में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती है। इसके साथ ही वह गोवा में भी पार्टी के सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं यह पहली बार नहीं है जब ईडी की कार्रवाई दीपक सिंगला तक पहुंची हो। इससे पहले साल 2024 में भी जांच के तहत ईडी ने उनके घर पर छापा मारा था। अब एक बार फिर दिल्ली और गोवा में कार्रवाई के बाद उनकी गिरफ्तारी ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है।
जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई ईडी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की टीम ने दीपक सिंगला से घंटों तक पूछताछ की और इस दौरान उनसे कई सवाल किए गए, लेकिन जांच एजेंसी उनके जवाबों से संतुष्ट नहीं हुई। बताया जा रहा है कि कुछ सवालों के जवाब वह ठीक तरीके से नहीं दे पाए, जबकि कई सवालों को टालने की कोशिश करते रहे। इसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लगातार एजेंसियों की कार्रवाई देखने को मिली है।
9 दिन में आप के दो बड़े नेताओं पर कार्रवाई
गौरतलब हो कि, दीपक सिंगला की गिरफ्तारी से पहले 9 मई को ईडी ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोरा को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद अब 9 दिन के भीतर आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेताओं पर हुई कार्रवाई को लेकर पार्टी केंद्र सरकार पर हमलावर नजर आ रही है। इस बाबत पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनावी राज्यों में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
आतिशी ने गोवा चुनाव से जोड़ा मामला
वहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी दीपक सिंगला पर हुई कार्रवाई को सीधे गोवा चुनाव से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि गोवा में आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से ईडी ने यह छापेमारी की है। आतिशी ने आरोप लगाया है कि, गोवा में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के यहां छापेमारी की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह बंगाल में विपक्षी दलों को निशाना बनाया गया था, उसी तरह गोवा में भी आप का डेटा चोरी करने की कोशिश की जा रही है।
"जहां चुनाव, वहां ईडी-सीबीआई की कार्रवाई"
वहीं दीपक सिंगला पर हुई कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि, अब यह पूरे देश के सामने साफ हो गया है कि जहां चुनाव होते हैं, वहां ईडी और सीबीआई विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर देती हैं। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि, जब दिल्ली में चुनाव थे तो 2022, 2023 और 2024 के दौरान लगातार दिल्ली के नेताओं पर ईडी और सीबीआई की कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा है कि, मंत्रियों, सांसदों और यहां तक कि मुख्यमंत्री तक को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आगे कहा कि, पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान भी वहां लगातार ईडी की कार्रवाई देखने को मिली थी और अब पंजाब और गोवा में चुनाव होने वाले हैं तो वहां छापेमारी शुरू हो गई है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि जहां चुनाव होते हैं, वहां विपक्षी नेताओं को एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जाता है।


