TRENDING TAGS :
दिल्ली एसिड अटैक केस में यू-टर्न! पिता ही निकला मास्टरमाइंड; बेटी को मोहरा बना रची ‘बदले’ की साजिश
Delhi Acid Attack Case Update: छात्रा का पिता ही बेटी पर एसिड अटैक का मास्टरमाइंड निकला। लड़की के पिता अकील ने कबूल भी कर लिया है कि उसने जितेंद्र से बदला लेने और उसे फंसाने के लिए यह साजिश रची थी।
Delhi Acid Attack Case
Delhi Acid Attack Case Update: दिल्ली के भारत नगर इलाके में बीते 26 अक्टूबर को छात्रा पर एसिड अटैक मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोप लगाने वाला ही आरोपी है। छात्रा का पिता ही बेटी पर एसिड अटैक का मास्टरमाइंड निकला। लड़की के पिता अकील ने कबूल भी कर लिया है कि उसने जितेंद्र से बदला लेने और उसे फंसाने के लिए यह साजिश रची थी। ईशान और अरमान के साथ उसका विवाद चल रहा था। इसलिए अकील ने उन्हें फंसाने के लिए बेटी को मोहरा बनाया और खौफनाक साजिश रची। पुलिस ने अकील को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
लड़की खुद लायी थी एसिड
बताया जा रहा है कि पिता के कहने पर लड़की खुद ही टॉयलेट में उपयोग होने वाला एसिड लेकर आयी थी। अकील ने कहा था कि जितेंद्र की पत्नी उसके खिलाफ केस दर्ज करवा रही है। इसलिए बदला देने के लिए अकील ने बेटी का साथ लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के वक्त जितेंद्र करोलबाग में था। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन में भी जितेंद्र करोलबाग में ही देखा गया है।
लड़की ने दिया था झूठा बयान
एसिड अटैक के बाद लड़की ने पुलिस से कहा था कि वह लक्ष्मीबाई कॉलेज में एक्स्ट्रा क्लास के लिए गयी थी। तभी परिचित जितेंद्र अपने दोस्तों अरमान और ईशान के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और एसिड फेंक दिया। लड़की ने यह भी दावा किया कि चेहरा बचाने में उसके दोनों हाथ बुरी तरह से जल गये। जितेंद्र उसका पीछा करता था। एक माह पहले दोनों का झगड़ा भी हुआ था। लेकिन जब पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो लड़की की कहानी पर संदेह होने लगा। क्योंकि घटना के समय जितेंद्र की लोकेशन करोलबाग में मिली।
यहां तक की जिस बाइक का जिक्र लड़की ने किया वह भी करोलबाग में ही खड़ी मिली। यह भी पता चला कि घटना के दो दिन पहले जितेंद्र की पत्नी ने पीसीआर कॉल की थी। जिसमें उसने अकील खान पर परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। जितेंद्र की पत्नी का कहना था कि एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान अकील ने उसके साथ जबरदस्ती की थी। उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। जितेंद्र की पत्नी की शिकायत पर भलस्वा डेयरी थाने में केस दर्ज हुआ।
केस का खुलासा होने के बाद से अकील फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के जुड़े दो अन्य आरोपित अरमान और ईशान अपनी मां शबनम के साथ आगरा में हैं। यह भी सामने आया कि शबनम ने बताया कि 2018 में उस पर भी एसिड अटैक हुआ था, जो कथित तौर पर अकील के रिश्तेदारों ने ही किया था। शबनम और अकील खान के बीच मंगोलपुरी की प्रॉपर्टी को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जो अदालत में विचाराधीन है।


