TRENDING TAGS :
दिल्ली के लग्जरी होटल में एअर इंडिया के पायलट की संदिग्ध मौत, उड़ान से कुछ घंटे पहले मिला शव, मचा हड़कंप
Delhi Air India Pilot Death: दिल्ली के वसंत कुंज के लग्जरी होटल में एअर इंडिया के करीब 40 वर्षीय पायलट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उड़ान से कुछ घंटे पहले शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू कर दी है।
Delhi Air India Pilot Death: राजधानी दिल्ली के एक नामी होटल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई के रहने वाले एअर इंडिया के एक वरिष्ठ पायलट दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक लग्जरी होटल के कमरे में रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाए गए। करीब 40 वर्षीय यह पायलट शनिवार सुबह एक महत्वपूर्ण उड़ान की कमान संभालने वाले थे, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को होटल के कमरे में उनका अचेत शरीर मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए जांच शुरू कर दी है।
फोन न उठाने पर खुला कमरे का दरवाजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पायलट लेओवर के सिलसिले में गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे और वसंत कुंज के होटल में ठहरे हुए थे। शुक्रवार शाम को जब पायलट के भाई ने उन्हें लगातार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद उनके भाई ने तुरंत होटल मैनेजर से संपर्क किया। होटल मैनेजर ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। कमरा अंदर से बंद था, जिसके बाद मैनेजर ने मास्टर की (मास्टर चाबी) का इस्तेमाल कर दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखते ही सब सन्न रह गए, क्योंकि पायलट बिस्तर पर बेसुध पड़े हुए थे।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना तुरंत वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़े पायलट को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि शव का शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत इस मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
एअर इंडिया ने जताया गहरा दुख
इस दुखद हादसे पर एअर इंडिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वे इस अप्रत्याशित घटना से बेहद दुखी हैं और दुख की इस घड़ी में दिवंगत पायलट के परिवार के साथ पूरी संवेदना से खड़े हैं। कंपनी लगातार परिजनों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। एअर इंडिया ने बताया कि पायलट कुछ ही महीने पहले एअर इंडिया एक्सप्रेस से एअर इंडिया में शामिल हुए थे और शनिवार तड़के उनकी फ्लाइट निर्धारित थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।


