जहरीली हवा पर अब आर-पार! कल इस मंत्री को घेरने की तैयारी में नेहा बोरा, पूछा- कब तक चुप रहेगी सरकार?

Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा ने पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से जवाब मांगा है। ईमेल का जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे मंत्री के दफ्तर पहुंचने का ऐलान किया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 Nov 2026 7:52 PM IST
Delhi Air Pollution | Neha Bora to Visit
X

Image Source- Social Media

Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद से दिल्ली और आसपास के शहरों की हवा लगातार खराब स्तर पर बनी हुई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 400 के बीच दर्ज किया जा रहा है। जहरीली हवा के मुद्दे पर अब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को घेरना शुरू कर दिया है।

नेहा बोरा ने पर्यावरण मंत्री से मुलाकात का समय मांगने के लिए ईमेल (Email) भेजा था, लेकिन उनका कहना है कि अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। इंतजार के बाद उन्होंने ऐलान किया है कि वह सोमवार यानी 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे भूपेंद्र यादव के दफ्तर पहुंचेंगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे तय करें कि अपने भविष्य और साफ हवा के अधिकार के लिए सोमवार को क्या कदम उठाना चाहते हैं।

ईमेल का जवाब नहीं मिला तो मंत्री के दफ्तर पहुंचेंगी नेहा

नेहा बोरा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर अपने अगले कदम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई नागरिकों ने मिलकर पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को ईमेल भेजा था और मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है।

नेहा के मुताबिक, इस ईमेल में उनके साथ भवरीन कंधारी, उर्वशी प्रसाद और रिटायर्ड कैप्टन आशीष जैकब भी शामिल थे। भवरीन कंधारी को उन्होंने क्लाइमेट चेंज (Climate Change) के खिलाफ लड़ने वाली 'वॉरियर मॉम' बताया। वहीं, उर्वशी प्रसाद कैंसर पीड़िता हैं और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही हैं। रिटायर्ड कैप्टन आशीष जैकब भी वायु प्रदूषण (Air Pollution) के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

नेहा ने कहा कि इन सभी लोगों ने पर्यावरण मंत्री को ईमेल भेजकर जहरीली हवा में सांस लेने की मजबूरी को लेकर जवाब मांगा था। लेकिन उन्हें अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

'हमारे परिवारों की जिंदगी ऐसे लोगों के हाथ में है'

वीडियो में नेहा बोरा ने प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार और जिम्मेदार लोगों की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमारे परिवारों, दोस्तों की जिंदगी और आने वाला भविष्य ऐसे लोगों के हाथ में है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (Public Health Emergency) के बीच या तो चुप्पी साधे हुए हैं या फिर प्रदूषण को लेकर अवैज्ञानिक वजहें दे रहे हैं।

उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत का भी नाम लिया। नेहा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रदूषण को लेकर एक से बढ़कर एक अवैज्ञानिक तर्क देकर इसे सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।

लोगों से पूछा- सोमवार को आपका क्या प्लान है?

नेहा बोरा ने वीडियो में आम लोगों से भी इस मुद्दे पर अपनी भूमिका तय करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को दोपहर 2 बजे पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के दफ्तर पहुंचेंगी।

नेहा ने कहा, "हम कल भूपेंद्र यादव का ऑफिस है, वहां 2 बजे पहुंच रहे हैं। अपने भविष्य के लिए, एक बेहतर कल के लिए, सांस लेने के अधिकार और जिंदगी के अधिकार के लिए आपके सोमवार का क्या प्लान है, ये आप तय कीजिए।"

उनकी इस अपील के बाद अब सोमवार को होने वाली इस मुलाकात की कोशिश पर सबकी नजर रहेगी।

शनिवार को भी जारी किया था वीडियो

भूपेंद्र यादव को भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं मिलने पर नेहा बोरा ने शनिवार को भी एक वीडियो जारी किया था। उसमें उन्होंने बताया था कि 12 नवंबर को उन्होंने पर्यावरण मंत्री और पर्यावरण मंत्रालय को ईमेल भेजा था।

नेहा ने सवाल उठाया था कि आखिर लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा था कि दो दिन बीत जाने के बाद भी न तो भूपेंद्र यादव ने जवाब दिया और न ही उनके कार्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई।

उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल के बीच पर्यावरण मंत्री की चुप्पी का मतलब भी पूछा था।

दिल्ली-NCR की हवा पर बढ़ती चिंता

दिवाली के बाद से दिल्ली और आसपास के शहरों में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। कई इलाकों में एक्यूआई 350 से 400 के बीच पहुंचने की बात सामने आई है। इसी मुद्दे को लेकर नेहा बोरा और अन्य नागरिकों ने पर्यावरण मंत्री से जवाब और मुलाकात की मांग की है।

अब नेहा बोरा ने सोमवार को दोपहर 2 बजे मंत्री के दफ्तर पहुंचने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ साफ हवा की नहीं, बल्कि सांस लेने और जिंदगी जीने के अधिकार की भी है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story