TRENDING TAGS :
दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, तीन मंजिला इमारत ढही; 2 की मौत, राहत व बचाव कार्य जारी
दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर राहत-बचाव में जुटीं।
Delhi Chawri Bazaar Building Collapse: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। त्योहार के मौके पर बाजार में खरीदारी की हलचल के बीच एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई जिससे दो लोगों की मौत हो गई। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे पुरानी दिल्ली के गली सितारा इलाके में हुआ। यह जगह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। अचानक इमारत गिरने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंचीं दमकल की छह गाड़ियां
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने राहत एवं बचाव टीमों को घटनास्थल पर रवाना किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कम से कम छह दमकल यूनिट, जिनमें वाटर टेंडर और रेस्क्यू वाहन शामिल हैं, मौके पर पहुंचाए गए हैं। मलबे में फंसे लोगों को तलाशने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
त्योहार के बीच हादसे से मचा हड़कंप
चावड़ी बाजार दिल्ली के पुराने और बेहद व्यस्त कारोबारी इलाकों में शामिल है। त्योहार के चलते इन दिनों बाजार में खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में सुबह-सुबह इमारत गिरने की घटना ने इलाके में दहशत पैदा कर दी। घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई है।
कितने लोग दबे, अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल मलबे में दबे लोगों की सही संख्या और किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इमारत के निर्माण की स्थिति और उसके ढहने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


