TRENDING TAGS :
यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच JNU प्रोफेसर को राहत! कांग्रेस सांसद की बर्खास्तगी पर HC ने लगाई रोक
Delhi HC Stays JNU Professor: यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे जेएनयू प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है।
Image Source- Social Media
Delhi HC Stays JNU Professor: जेएनयू के प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें सेवा से बर्खास्त किए जाने के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। अकोइजम को यौन उत्पीड़न (Sexual Harassment) के आरोपों से जुड़े मामले में विश्वविद्यालय ने बर्खास्त किया था। दिल्ली हाईकोर्ट का यह आदेश फिलहाल उनकी बर्खास्तगी पर रोक लगाता है।
11 छात्राओं ने लगाए थे आरोप
दरअसल, इस साल मई में जेएनयू की 11 छात्राओं ने प्रोफेसर बिमोल अकोइजम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। छात्राओं की ओर से आरोप लगाया गया था कि प्रोफेसर उन्हें बैठकों या किसी कार्यक्रम के बहाने कैंपस स्थित अपने घर पर बुलाते थे और वहां उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे।
कुछ छात्राओं ने क्लास के दौरान अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां करने के आरोप भी लगाए थे। इन आरोपों के बाद जेएनयू की आंतरिक समिति (Internal Committee) ने मामले की जांच की थी। जांच के बाद विश्वविद्यालय ने अकोइजम के खिलाफ सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई की थी।
हालांकि, डॉ। बिमोल अकोइजम शुरू से ही इन सभी आरोपों को खारिज करते रहे हैं। उन्होंने आरोपों को गलत और अपने खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे।
सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
इस मामले में जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने भी एफआईआर (FIR) दर्ज की थी। एफआईआर में यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने से जुड़े आरोपों के तहत धाराएं लगाई गई हैं। मामले की पुलिस जांच भी शुरू की गई थी।
अकोइजम को इस मामले की जांच में शामिल होने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से समन जारी किया गया था। इसके बाद वह पूछताछ के लिए दिल्ली पहुंचे थे। पुलिस ने उनसे मामले को लेकर पूछताछ भी की थी।
इंफाल से दिल्ली आते वक्त कही थी बड़ी बात
पूछताछ के लिए इंफाल से दिल्ली आते समय बिमोल अकोइजम ने कहा था कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने अपने बयान में इस मामले को अपने लोगों के साथ दशकों से हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत बताया था।
अब दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से जेएनयू के बर्खास्तगी आदेश पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बाद इस मामले में अकोइजम को फिलहाल राहत मिली है। हालांकि, उनके खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोप और उनसे जुड़ी पुलिस जांच का मामला अलग से जारी है।


