TRENDING TAGS :
जामा मस्जिद थाने में अचानक मची चीख-पुकार, एक शख्स ने पांच पुलिसकर्मियों को चाकू से गोदा; तीन की हालत गंभीर
दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Image Source – Social Media
Jama Masjid Police Station Attack: राजधानी दिल्ली में कानून की रखवाली करने वाले पुलिसकर्मी ही थाने के अंदर हमले का शिकार हो गए। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए लाए गए एक शख्स ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस वारदात में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस की ओर से गोली भी चलाई गई।
पूछताछ के दौरान अचानक बदल गया घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी नबील को एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। पुलिसकर्मी उससे पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया।
चेहरे और गर्दन पर किए वार, 5 जवान घायल
हमले में पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन को निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि दो का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। तीन जवानों की हालत गंभीर बताई गई है।
थाने से भागा आरोपी, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। फरार होने के दौरान उसने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन भी छीन लिया। इसके बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशन यूनिट ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसे कुछ दूरी पर ट्रैक कर लिया। गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान आरोपी ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई, जिससे उसे काबू में किया जा सका।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत के बाद शुरू हुआ था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी थाने के अंदर चाकू लेकर कैसे पहुंचा।


