मां-बहन की शिकायत पर थाने बुलाया, आते ही पुलिसवालों पर बरसाने लगा चाकू; हमलावर पर पुलिस ने चलाईं 8 गोलियां

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में 20 वर्षीय युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। जवाब में पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की। जानें पूरा मामला।

Sawan Gupta
Published on: 23 Nov 2026 10:18 PM IST (Updated on: 23 Nov 2026 10:18 PM IST)
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

Jama Masjid Police Station: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात हुई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 20 वर्षीय नबील को थाने बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह स्कूटी छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया तो उसने दोबारा हमला कर दिया। आखिरकार पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को छह गोलियां लगीं और उसे काबू किया गया।

परिवार की शिकायत पर थाने बुलाया गया था आरोपी

दिल्ली पुलिस के डीसीपी रोहित राजबीर के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक मां और बेटी जामा मस्जिद थाने पहुंचीं। उन्होंने शिकायत की थी कि नबील नाम का युवक, जो उनका बेटा और भाई है, उन्हें काफी परेशान करता है। दोनों ने पुलिस से गुजारिश की थी कि उसकी काउंसलिंग की जाए। इसके बाद सब-इंस्पेक्टर अजय ने नबील को फोन कर थाने आने के लिए कहा। शुरुआत में उसने आने से इनकार किया, लेकिन परिवार के थाने में मौजूद होने की बात सुनकर वह वहां पहुंच गया।

SI के गले और चेहरे पर किया चाकू से वार

थाने में पहुंचते ही नबील ने पूछा कि उसे किसने बुलाया है। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर अजय ने बताया कि उन्होंने फोन किया था, आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उसने SI के गले और चेहरे को निशाना बनाया। अजय को बचाने के लिए दूसरे पुलिसकर्मी आगे आए तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार करना शुरू कर दिया। इस हमले में थाने के अंदर दो सब-इंस्पेक्टर, एक ASI और दो हेड कांस्टेबल समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

स्कूटी सवार को गिराकर छीनी गाड़ी, फिर हुआ फरार

पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद नबील थाने से बाहर भाग निकला। रास्ते में उसे एक व्यक्ति स्कूटी से जाता हुआ दिखाई दिया। आरोपी ने उसे रोका और मारकर कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसकी स्कूटी छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। दरियागंज, जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने की टीमों के अलावा ऑपरेशंस, स्पेशल स्टाफ और ATS को भी तलाश अभियान में लगाया गया।

चितली कबर के पास फिर पुलिस पर किया हमला

काफी तलाश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को चितली कबर के पास ट्रैक कर लिया। पुलिस ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने एक बार फिर चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस बार भी चार कांस्टेबल घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने कुल आठ राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी को लगीं। उसके दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं। काफी खून बहने के बाद उसे काबू कर LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया।

9 पुलिसकर्मी घायल, चार की हालत स्थिर

इस पूरी वारदात में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें पांच पुलिसकर्मी जामा मस्जिद थाने में और चार चितली कबर के पास हमले में घायल हुए। शुरुआती इलाज के बाद थाने में घायल पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी के अनुसार, चार पुलिसकर्मियों को भर्ती कराया गया और उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई। वहीं, चितली कबर में घायल चार कांस्टेबलों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज

डीसीपी रोहित राजबीर के मुताबिक इस मामले में तीन अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पहला मामला थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमले का है। दूसरा स्कूटी छीनने और तीसरा चितली कबर के पास पुलिसकर्मियों पर हमले का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की उम्र 20 साल है और साल 2022 में भी उसके खिलाफ दरियागंज थाने में झगड़े का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। डीसीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी मानसिक रूप से बिल्कुल ठीक है। घटना के वक्त उसकी मां और बहन भी थाने में मौजूद थीं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story