TRENDING TAGS :
दिल्ली में कपिल मिश्रा के कैंप ऑफिस के पास सरेआम हत्या, 20 राउंड फायरिंग से दहली राजधानी
दिल्ली के सोनिया विहार में कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास 26 वर्षीय समीर की गोली मारकर हत्या। करीब 20 राउंड फायरिंग, पुलिस ने आपसी रंजिश को बताया वजह।
Delhi Murder Case: दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई सनसनीखेज वारदात से लगाया जा सकता है। सोनिया विहार इलाके में दिल्ली सरकार के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी और राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय समीर के रूप में हुई है, जो दयालपुर के 33 फुटा रोड का रहने वाला था। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि समीर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने पीछे से उस पर गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल समीर को तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाम 5:30 बजे वारदात, पीछे से आए हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे सोनिया विहार के जीरो पुश्ता स्थित 'कूड़ा खट्टा' के पास यह वारदात हुई। मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावर पीछे से आए और स्कूटी पर पीछे बैठे समीर को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। स्कूटी रिजवान चला रहा था। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
रिजवान आनन-फानन में घायल समीर को सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कारतूसों के खोल समेत अहम साक्ष्य जुटाए।
पुलिस का बड़ा खुलासा, राजनीतिक कनेक्शन से किया इनकार
इस हत्याकांड को लेकर पुलिस ने अहम जानकारी साझा की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे दो पुराने साथियों के बीच आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस ने यह भी बताया कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। मामले में खजूरी खास थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कई पुलिस टीमें गठित, आरोपियों की तलाश तेज
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई विशेष टीमें बनाई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के साथ-साथ वारदात से पहले और बाद में हमलावरों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के नजदीक हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। हालांकि पुलिस ने राजनीतिक साजिश या किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन राजधानी में करीब 20 राउंड फायरिंग कर युवक की हत्या किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


