TRENDING TAGS :
दिल्ली से गुरुग्राम तक बारिश से हाहकार! सड़के बनी नदियां...लगा किलोमीटर लंबा जाम, फंसे सैकड़ों वाहन
Delhi Heavy Rain: दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा समेत पूरे एनसीआर में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कई इलाकों में सड़कों पर भारी जलभराव, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर किलोमीटर लंबा जाम, महरौली-बदरपुर रोड और गुरुग्राम के शीतला माता मंदिर क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले।
Delhi Heavy Rain: शुक्रवार को दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह से शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा, जिसके चलते शहर के तमाम प्रमुख चौराहे और मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं। लगातार पानी भरने के कारण राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। दफ्तर जाने वाले और काम से वापस लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों को कई-कई घंटों तक भीषण जाम में फंसे रहना पड़ा।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर थमे पहिए
भीषण बारिश के कारण गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की रफ्तार एकदम थम गई। दिल्ली से जयपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। हाईवे पर बस, कारें और अन्य कमर्शियल वाहन पानी के बीच रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। घंटों तक फंसे चालकों को बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और पूरी लेन पर वाहनों की अंतहीन कतारें लग गईं, जिससे प्रशासन के इंतजामों की पूरी तरह से कलई खुल गई।
ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर में घुसा 3 फीट पानी
गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश के चलते विश्व प्रसिद्ध सिद्ध पीठ शीतला माता मंदिर और उसके आसपास के पूरे इलाके में बाढ़ जैसे खौफनाक हालात पैदा हो गए। बारिश का गंदा पानी मंदिर परिसर के भीतर तक प्रवेश कर गया। मंदिर मार्ग और आसपास के रिहाइशी क्षेत्रों में लगभग ढाई से तीन फीट तक जलजमाव दर्ज किया गया। दोपहिया चालकों और पैदल यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर इस गहरे पानी से निकलना पड़ा। इस अव्यवस्था से नाराज स्थानीय निवासियों का गुस्सा ट्रिपल इंजन सरकार पर जमकर फूटा। लोगों का आरोप है कि हर साल मानसून में यहां यही बदहाली देखने को मिलती है।
दक्षिण दिल्ली में सड़कों पर बही नदी
इस मूसलाधार बारिश का सबसे भयावह दृश्य दक्षिण दिल्ली में देखने को मिला। महरौली-बदरपुर (MB) मार्ग पर तीन से चार फीट तक जलजमाव हो गया, जिससे पूरी सड़क किसी उफनती नदी जैसी दिखाई देने लगी। कई छोटी-बड़ी गाड़ियां और ऑटो पानी के बीच ही बंद होकर फंस गए। चालकों को मजबूरी में लंबे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा, जिससे सफर का समय दो से तीन गुना तक बढ़ गया।
नोएडा में भी लगा भयंकर जाम
नोएडा शहर में भी लगातार हो रही बारिश ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से लगभग हर प्रमुख मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। शाम को जब दफ्तरों से लोगों की छुट्टी हुई, तो सड़कों पर गाड़ियों का दबाव अचानक कई गुना बढ़ गया। सेक्टर-37 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर भारी ट्रैफिक देखने को मिला। हालांकि ट्रैफिक पुलिस के जवान पानी के बीच मोर्चा संभालकर जाम खुलवाने का प्रयास करते रहे, लेकिन जलभराव के आगे सारे प्रबंध नाकाफी साबित हुए।
राजधानी में रिकॉर्ड बारिश
दिल्ली में शुक्रवार को बारिश के आंकड़ों ने प्रशासन की तैयारियों को बेनकाब कर दिया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सबसे अधिक 62.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सफदरजंग क्षेत्र में 57.3 मिमी, पालम में 57 मिमी और आयानगर में 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पुसा, नारायणा और झरोदा कलां जैसे इलाकों में भी मूसलाधार पानी गिरा। दोपहर के समय हुई तेज बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को चेतावनी दी है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक शनिवार से बारिश के तेवर थोड़े ढीले पड़ सकते हैं, लेकिन आने वाले 2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। मौसम विभाग ने आम लोगों को बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है, क्योंकि निचले इलाकों में अभी भी पानी जमा रहने से यात्रा में बड़ा जोखिम हो सकता है।


