अब होगी रामलीला मैदान में कांग्रेस की 'लीला', दिल्ली पुलिस से बड़ी रैली के लिए मिला 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट'

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी कर दिया है।

Sachin Singh
Published on: 17 Oct 2026 5:27 PM IST (Updated on: 17 Oct 2026 5:27 PM IST)
अब होगी रामलीला मैदान में कांग्रेस की लीला, दिल्ली पुलिस से बड़ी रैली के लिए मिला नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट
X

Congress Ramlila Maidan Rally: दिल्ली में कांग्रेस की होने रैली को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए कांग्रेस को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी NOC दे दिया है। इसका मतलब है कि पुलिस की ओर से रैली के आयोजन पर जरूरी अनापत्ति मंजूरी मिल गई है।

अब कांग्रेस इस प्रमाणपत्र को नगर निगम यानी MCD के पास जमा कर आगे की बुकिंग प्रक्रिया पूरी करेगी। इसके बाद पार्टी रैली की तैयारियां शुरू कर सकेगी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रामलीला मैदान को 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक के लिए बुक किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस ने क्यों दी रैली को मंजूरी?

दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान, CBD ग्राउंड और बुराड़ी ग्राउंड को प्रदर्शन और रैली जैसे कार्यक्रमों के लिए तय किया गया है। कांग्रेस ने रामलीला मैदान में कार्यक्रम करने की योजना बनाई और सबसे पहले MCD से संपर्क कर यह जानकारी ली कि इन तारीखों में मैदान उपलब्ध है या नहीं।

MCD ने कांग्रेस को बताया कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा। इसके बाद पार्टी ने मैदान की उपलब्धता से जुड़ा प्रमाणपत्र हासिल किया और दिल्ली पुलिस से NOC के लिए संपर्क किया।

सुरक्षा व्यवस्था पर बातचीत के बाद जारी हुआ NOC

डीसीपी के मुताबिक, कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की गई और रैली के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजामों को समझा गया। इसके बाद पुलिस ने NOC जारी करने का फैसला लिया। यह प्रमाणपत्र आज जारी कर दिया गया है।

NOC मिलने का मतलब यह है कि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के आयोजन पर अपनी ओर से अनापत्ति दे दी है। हालांकि, मैदान की अंतिम बुकिंग और जमीन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी MCD की है, क्योंकि रामलीला मैदान की जमीन उसी एजेंसी के अधीन है।

अब कांग्रेस को क्या करना होगा?

दिल्ली पुलिस से NOC मिलने के बाद कांग्रेस को यह प्रमाणपत्र MCD के पास जमा करना होगा। इसके बाद पार्टी मैदान की बुकिंग से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी और रैली के लिए तैयारियां शुरू कर सकेगी।

रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बुक किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस अपने कार्यक्रम की जरूरत के हिसाब से आयोजन की योजना बना सकती है। हालांकि, रैली के आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारियां और कार्यक्रम का पूरा ब्योरा इस बयान में नहीं दिया गया है।

दूसरी पार्टियां और आयोजक भी कर सकते हैं आवेदन

डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने यह भी साफ किया कि रामलीला मैदान की बुकिंग के लिए सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, बल्कि दूसरे आयोजक या संबंधित पक्ष भी इसी प्रक्रिया का पालन कर सकते हैं। जो भी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल मैदान बुक कराना चाहता है, उसे पहले MCD से मैदान की उपलब्धता की जानकारी लेनी होगी। इसके बाद जरूरी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस से संपर्क करना होगा और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

रैली की तैयारियों के लिए रास्ता साफ

कांग्रेस को NOC मिलने के बाद रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की दिशा में एक अहम प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब पार्टी को MCD के साथ बुकिंग की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पुलिस ने साफ किया है कि मैदान के इस्तेमाल के लिए उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित एजेंसी की मंजूरी जैसी प्रक्रियाओं का पालन करना जरूरी है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story